Close

    29-04-2021:राज्यपाल को सैन्य अधिकारियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कोविड-19 के इलाज की जानकारी मिली।

    प्रकाशित तिथि: अप्रैल 29, 2021

    राजभवन देहरादून 29 अप्रैल, 2021
    राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने गुरुवार को कोविड-19 के उपचार हेतु राज्य में सैन्य अस्पतालों की तैयारियों के बारे में सैन्य अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जानकारी प्राप्त की।
    राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कहा कि कोविड-19 से रोकथाम तथा जागरूकता अभियान में भूतपूर्व सैन्य चिकित्सकों तथा सैन्य कर्मियों की मदद ली जाए। कोविड-19 से बचाव तथा रोकथाम में सभी को मिलजुल कर कार्य करना है। इसके लिए एक प्रभावी कार्य योजना शीघ्र बननी चाहिए।
    वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान जीओसी सब एरिया ने जानकारी दी कि उत्तराखंड के पांचों सैन्य अस्पताल देहरादून, रुड़की, रानीखेत, पिथौरागढ़ तथा लैंसडाउन कोविड-19 के उपचार हेतु उपलब्ध है। सैन्य अस्पताल देहरादून में 246 कोविड बेड जिनमें 50 ऑक्सीजन बेड है तथा सैन्य अस्पताल रुड़की में 126 कोविड बेड जिनमें 50 ऑक्सीजन बेड हैं। सैन्य अस्पताल देहरादून में ऑक्सीजन बेड बढ़ाने की कार्यवाही गतिमान है। सैन्य अस्पताल देहरादून एवं रुड़की में प्रत्येक दिन आरटीपीसीआर टेस्ट तथा रैपिड टेस्ट कराए जा रहे हैं।
    निदेशक, सैनिक कल्याण ने बताया कि लगभग 300 भूतपूर्व सैनिक कोविड-19 के संकटकाल में अपनी सेवाएं देने के इच्छुक हैं। आवश्यकतानुसार पुलिस की सहायता तथा अस्पतालों में सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण में इनकी सेवाएं ली जा सकती हैं।
    प्रबंध निदेशक, उपनल ने जानकारी दी कि राज्य के दोनों मंडलों से लगभग 298 लोगों की वैकेंसी प्राप्त हुई है। जिनमें 105 स्टाफ नर्स तथा 40 वार्ड बॉय की सेवाओं की आवश्यकता बताई गई है। उपनल द्वारा करोना काल में अभी तक 270 लोग सेवायोजित किए जा चुके हैं।
    कमांडेंट,सैन्य अस्पताल देहरादून ने जानकारी दी कि अस्पताल द्वारा टेलीफोन पर भी चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराई जा रही है।
    …………….0………………