Close

    27-04-2021:राज्यपाल ने निजी विश्वविद्यालयों की भूमिका पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा की।

    प्रकाशित तिथि: अप्रैल 27, 2021

    राजभवन देहरादून 27 अप्रैल, 2021

    राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने राज्य के निजी विश्वविद्यालयों को निर्देश दिए कि छात्र-छात्राओं की कोविड-19 संक्रमण से बचाव पर विशेष ध्यान दिया जाए। 1 मई से सभी 18 वर्ष से अधिक के विद्यार्थियों को टीकाकरण हेतु प्रेरित किया जाए। राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कहा कि छात्र-छात्राओं को नियमित योग करने हेतु प्रोत्साहित किया जाए। उन्हें कोविड-19 के दिशा-निर्देशों का पालन करने हेतु निर्देश दिए जाए। राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने मंगलवार को राज्य के निजी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ कोविड-19 के नियंत्रण में निजी विश्वविद्यालयों की भूमिका पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा की।
    राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने निर्देश दिए कि निजी विश्वविद्यालयों द्वारा गोद लिए गए गांवो में कोविड-19 संक्रमण से बचाव के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएं। इन गांव में शत-प्रतिशत टीकाकरण हेतु प्रयास किए जाए। राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने सभी निजी विश्वविद्यालयों से उनके द्वारा कोविड-19 संक्रमण से बचाव हेतु किए जा रहे प्रयासों के संबंध में जानकारी ली।
    पेट्रोलियम विश्वविद्यालय ने जानकारी दी कि विश्वविद्यालय द्वारा बघौली, कंडोली सहित लगभग 11-12 गांवो में कोविड-19 से बचाव हेतु जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विश्वविद्यालय द्वारा जनहित में दो एंबुलेंस उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

    इकफाई विश्वविद्यालय द्वारा एक एंबुलेंस एवं चिकित्सक उपलब्ध कराया जा रहा है।

    हिमगिरी विश्वविद्यालय द्वारा सहसपुर गांव में मास्क एवं सैनिटाइजर वितरित किए जा रहे हैं तथा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विश्वविद्यालय द्वारा संचालित रेडियो स्टेशन के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। हिमगिरी विश्वविद्यालय के हॉस्टल में रह रहे नॉर्थ ईस्ट राज्यों के 60 छात्रों की संक्रमण से सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

    आई एम एस विश्वविद्यालय द्वारा जानकारी दी गई कि उनके द्वारा गोद लिए गए 2 गांवो में मास्क एवं सैनिटाइजर वितरण का कार्यक्रम मई माह के प्रथम सप्ताह में प्रस्तावित है।
    आई एम एस तथा डीआईटी विश्वविद्यालयों द्वारा एक ऑक्सीजनयुक्त एंबुलेंस तथा चिकित्सक उपलब्ध करवाया जाएगा।

    डीआईटी विश्वविद्यालय द्वारा अपने भवन का एक फ्लोर आवश्यकता पड़ने पर जरूरतमंदों के लिए आइसोलेशन हेतु उपलब्ध करवाया गया है। विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए 5 गांवों में कोविड-19 संक्रमण से बचाव हेतु एनएसएस छात्रों एवं फैकल्टी के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

    ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय ने जानकारी दी है कि विश्वविद्यालय द्वारा अब तक 5000 मास्क तथा पुलिसकर्मियों को फेस शिल्ड कवर वितरित किए गए हैं। जनहित में तीन एंबुलेंस उपलब्ध करवाई गई है। आइसोलेशन सेंटर स्थापित किया गया है।
    …………….0………………