15-10-2026:राज्यपाल से लोक भवन में विभिन्न क्षेत्रों के लोगों, गणमान्य व्यक्तियों एवं अधिकारियों ने भेंट की।
लोक भवन सूचना परिसर, उत्तराखण्ड
प्रेस विज्ञप्ति
लोक भवन देहरादून 15 अक्टूबर, 2026
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से आज लोक भवन में विभिन्न क्षेत्रों के लोगों, गणमान्य व्यक्तियों एवं अधिकारियों ने भेंट की। भेंट करने वालों में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, आईएमए कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल नागेंद्र सिंह, डीजी इंटेलिजेंस श्री अभिनव कुमार, श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा, अध्यक्ष उत्तराखण्ड वक्फ बोर्ड श्री शादाब शम्स सहित अनेक लोग रहे। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल के सफल कार्यकाल के लिए बधाई दीं और उत्तराखण्ड में उनके मार्गदर्शन, योगदान एवं जनसेवा के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर राज्यपाल ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के राज्यपाल के रूप में कार्य करना उनके लिए गौरव और सौभाग्य का विषय रहा है। देवभूमि उत्तराखण्ड के लोगों से मिले स्नेह, विश्वास और सहयोग को उन्होंने अपने कार्यकाल की अनमोल उपलब्धि बताया।
राज्यपाल ने कहा कि विगत पांच वर्षों में प्रदेश के विकास, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के प्रोत्साहन, पूर्व सैनिकों के सम्मान तथा जनकल्याण के विभिन्न विषयों पर कार्य करने के अनेक अवसर मिले। इन प्रयासों में प्रदेश सरकार, प्रशासन, विभिन्न संस्थानों और आमजन का सहयोग महत्वपूर्ण रहा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की समृद्ध संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत, वीर सैनिकों की परंपरा और यहां के लोगों का अपनत्व सदैव उनकी स्मृतियों में रहेगा।
………..0……….