Close

    30-10-2022 : राज्यपाल ने पुलिस लाईन रेसकोर्स में आयोजित ‘‘उत्तराखंड पुलिस सम्मान-2022’’ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया।

    प्रकाशित तिथि: अक्टूबर 30, 2022

    राजभवन देहरादून 30 अक्टूबर, 2022

    राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने रविवार को पुलिस लाईन रेसकोर्स में आयोजित ‘‘उत्तराखंड पुलिस सम्मान-2022’’ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। टाइम्स ग्रुप और हंस फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह में राज्यपाल ने उत्कृष्ठ कार्य करने वाले 45 पुलिसकर्मियों और पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया।

    अपने संबोधन में राज्यपाल ने सम्मानित हुए पुलिसकर्मियों को बधाई दी उन्होंनें कहा कि ऐसे पुलिसकर्मी हमारे गौरव हैं जो निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे हैं और अन्य जवानों के लिए आदर्श एवं प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में पुलिस के कर्तव्य एवं उत्तरदायित्व चुनौतीपूर्ण और व्यापक होतेे जा रहे हैं। आज पुलिस केवल कानून व्यवस्था स्थापित करने तथा अपराधों पर नियंत्रण तक सीमित नहीं है बल्कि पुलिस की भूमिका रचनात्मक भी हो गई है। पुलिस को नई परिस्थितियों के अनुसार अपनी क्षमता और प्रशिक्षण में निरन्तर सुधार की जरूरत है।

    राज्यपाल ने कहा कि आज हमारी पुलिस युवाओं को उचित मार्गदर्शन देने, नशा मुक्ति अभियान चलाने, असहाय लोगों की मदद करने, जैसे महत्वपूर्ण कार्य कर रही है जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि पुलिस और लोगों के बीच बेहतर तालमेल और पुलिस के प्रति विश्वास की भावना पैदा होना बेहद जरूरी है।

    उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड प्रदेश को हर क्षेत्र में सुगम और समृद्ध बनाना भी हम सब की जिम्मेदारी है जिसमें पुलिस की बहुत बड़ी भूमिका होनी वाली है। राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड में चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा को बहुत ही सफलतापूर्वक संचालित किया है साथ ही आपदा के दौरान भी पुलिस के जवानों की सबसे बड़ी भूमिका रही। राज्यपाल ने टाइम्स ग्रुप और हंस फाउंडेशन का इस सम्मान समारोह के लिए धन्यवाद किया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर ने भी अपनी प्रस्तुति दी।

    इस कार्यक्रम में प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर, पुलिस महानिदेशक श्री अशोक कुमार, हंस फाउंडेशन प्रमुख माता मंगला, भोले जी महाराज, ‘टाइम्स ग्रुप’ के वाइस प्रेसिडेंट श्री धनुष वीर सिंह, पुलिस जवान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।