Close

    27-07-2022:ऐमिटी विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित संयुक्त वैश्विक सेमिनार को संबोधित करते हुए राज्यपाल।

    प्रकाशित तिथि: जुलाई 27, 2022

    राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने बुधवार को ऐमिटी विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित संयुक्त वैश्विक सेमिनार में मुख्य वक्ता के रूप में वर्चुअल रूप से प्रतिभाग किया। यह सेमिनार ‘‘एशियाई पुनरूत्थानः सामरिक संतुलन और नई भू-राजनीतिक चुनौतियां’’ विषय पर आयोजित किया गया।
    सेमिनार को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिप्रेक्ष्य में बहुपक्षीय संबंधों, आर्थिक सुधारों, कोविड महामारी के बाद के प्रभावों, जलवायु परिवर्तन के गहराते खतरे और सामाजिक आर्थिक परिस्थितियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में हिन्द-प्रशान्त क्षेत्र का महत्व बढ़ रहा है। भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के संयुक्त संघ(QUAD) क्वाड का उभरना एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम है।
    राज्यपाल ने कहा कि चीन-अमेरिका के पारस्परिक संबंधों का असर आसियान देशों पर भी पड़ रहा है। उन्होंने जापान में सुरक्षा परिदृश्य, यूक्रेन युद्ध, चीन-भारत-पाकिस्तान संबंधों पर भी विचार रखे। उन्होंने कहा कि भारत ने कोविड महामारी के दुष्प्रभावों से लड़ते हुए विभिन्न देशों के साथ बहुपक्षीय संबंधों की रणनीति और अनुकूल आर्थिक उपायों के साथ अन्तर्राष्ट्रीय संबंधों को साधा है। इस दौरान उन्होंने इस महत्वपूर्ण विषय पर सेमिनार आयोजित कराने के लिए आयोजकों की सराहना की।
    ……….0……….