Close

    27-04-2022 : राज्यपाल उत्तराखंड की अध्यक्षता में राजभवन प्रेक्षागृह में भारतीय रेडक्रॉस समिति राज्य शाखा की 17वीं आम सभा बैठक संपन्न हुई।

    प्रकाशित तिथि: अप्रैल 27, 2022

    राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) की अध्यक्षता में बुधवार को राजभवन प्रेक्षागृह में भारतीय रेडक्रॉस समिति राज्य शाखा की 17वीं आम सभा बैठक संपन्न हुई। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत भी उपस्थित रहे। इस दौरान राज्यपाल ने रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तराखण्ड शाखा का उद्घोष गीत भी लांच किया। इस गीत को बागेश्वर के जनपद शाखा के हरीश दफौटी ने तैयार किया। उन्होंने इस प्रेरणादायी सुंदर गीत को तैयार करने के लिए जनपद शाखा बागेश्वर को बधाई दी।
    बैठक को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि रेडक्रॉस स्वयंसेवक सेवा, समर्पण, त्याग, और परोपकार की भावना से समाज व राष्ट्र को योगदान दे रहा है। किसी भी आपदा या दुर्घटना के दौरान पहुंचने वाला प्रथम व्यक्ति रेडक्रॉस का ही वालिंटियर होता है। मानवता की सेवा के लिए रेडक्रॉस ईश्वर का सबसे बड़ा आशीर्वाद है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड में विभिन्न आपदाओं एवं दुर्घटनाओं के दौरान रेडक्रॉस स्वयंसेवक बड़ी भूमिका निभाते हैं। रेडक्रॉस ने सभी को साथ लेकर चलने की दृढ़ इच्छा शक्ति होती है, इसमें महिलाओं और युवाओं का योगदान भी बराबर है।
    राज्यपाल ने कहा कि चारधाम यात्रा, मानसून के दौरान रेडक्रॉस के वालिंटियर को लोगों की सहायता के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस के वालिंटियर के अंदर एक जूनून होता है और उसे दूसरों की सेवा करने में अलग ही आंनद आता है। राज्यपाल ने पदाधिकारियों से कहा कि सोशल मीडिया, मॉस मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेन्स के जरिये अधिक से अधिक वालिंटियर जोड़ें। उन्होंने समिति के के पदाधिकारियों से कहा कि 04 माह के भीतर आर्टिफिशियल इंटेलिजेन्स इनेबल एन्ड्राइड बेस्ड एप्लिकेशन्स बनायें जाए जिसमें सभी वालिंटियर की सूचनाएं उपलब्ध रहें। रेडक्रॉस के लिए निःस्वार्थ भाव से दान देने वाले लोगों को भी जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में अनेकों चुनौंतियां हैं इसके लिए रेडक्रॉस को सदैव तत्पर रहना चाहिए।
    राज्यपाल ने अधिक से अधिक प्रशिक्षण आयोजित कर वालिंटियरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने रेडक्रॉस के वालिंटियर से बालिकाओं एवं महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों में सहयोग करने की अपेक्षा की। उन्होंने सभी शिक्षण संस्थाओं में अधिक से अधिक वालिंटियर को बढ़ाने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने कहा कि कोविड महामारी के दौरान रेडक्रॉस द्वारा वैक्सिनेशन व अन्य गतिविधियों में अपना योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि हमें आगे भी इसके लिए तैयार रहना होगा। राज्यपाल ने जनपद स्तरीय समितियों के लिए आवश्यक अवस्थापना सुविधाएं, वाहन, औषधियां व जरूरी सामान मुहैया करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यह उनका सौभाग्य होगा कि वे रेडक्रॉस के वालिंटियरों को सम्मानित करें। राज्यपाल ने जनपदों में जिलाधिकारियों, मुख्य चिकित्साधिकारियों व रेडक्रॉस के पदाधिकारियों द्वारा किये जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि 03 माह बाद राजभवन में रेडक्रॉस का राज्य स्तरीय सेमिनार आयोजित किया जायेगा। उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान अपनी जान न्यौछावर करने वाले वारियर्स को श्रदांजलि दी। बैठक में विभिन्न जनपदों से आए सदस्यों द्वारा रेडक्रॉस की बेहतरी के लिए अपने-अपने सुझाव रखे।
    बैठक में पिछली आम सभा की बैठक की कार्यवाही की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की गई। इस दौरान वर्ष 2021-22 में भारतीय रेडक्रॉस जिला स्तरीय समितियों व राज्य शाखा द्वारा किए गये कार्यों का प्रस्तुतिकरण किया गया। बैठक में वित्तीय वर्ष 2021-22में भारतीय रेडक्रॉस समिति, राज्य शाखा उत्तराखण्ड का वास्तविक आय-व्ययक प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही वर्ष 2022-23 हेतु अनुमानित आय-व्ययक भी प्रस्तुत किया गया जिसे राज्यपाल द्वारा अनुमोदित किया गया। इस दौरान रेडक्रॉस समिति के प्रस्तावित कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई। समिति द्वारा भविष्य में सामान्य एवं स्वास्थ्य कार्यक्रम, प्रशिक्षण एवं आपदा प्रबंधन, जूनियर/यूथ रेडक्रॉस का गठन एंव फंड रेजिंग अभियान प्रस्तावित किये गये हैं। बैठक में राज्य मैनेजिंग समिति के चेयरमैन कुंदन सिंह टोलिया ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ-साथ भारत के गवर्नर जनरल द्वारा 1947 में जूनियर रेडक्रॉस प्राईमरी विद्यालय मिलम, जनपद पिथौरागढ़ का पंजीकरण प्रमाण पत्र राज्यपाल को भेंट स्वरूप प्रदान किया।
    इस अवसर पर प्रमुख सचिव एल.फैनई, सचिव राज्यपाल डॉ.रंजीत सिन्हा, जिलाधिकारी देहरादून डॉ.आर.राजेश कुमार, रेडक्रॉस राज्य मैनेजिंग समिति के महासचिव डॉ.एम.एस.अंसारी, वाईस चेयरमैन गौरव जोशी, कोषाध्यक्ष मोहन खत्री के अलावा रेडक्रॉस समिति उत्तराखण्ड की मैनेजिंग कमेटी के सदस्य, जनपदों के मुख्य चिकित्साधिकारी व रेडक्रॉस समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।