26-11-2025 : राज्यपाल ने सभी प्रदेशवासियों को संविधान दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने सभी प्रदेशवासियों को संविधान दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि 26 नवम्बर, 1949 का वह ऐतिहासिक क्षण, जब भारत के लोगों ने स्वयं को भारत का संविधान समर्पित किया, हमारे राष्ट्रीय जीवन की आधारशिला है।
राज्यपाल ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आम्बेडकर सहित संविधान के सभी निर्माताओं को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि भारत का संविधान केवल एक ग्रन्थ नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र की आत्मा और समस्त संवैधानिक शक्तियों का स्रोत है। डॉ. आम्बेडकर की दूरदर्शिता, अद्भुत प्रतिभा और कठोर परिश्रम ने एक लोक कल्याणकारी, समावेशी और न्यायपूर्ण संविधान की मजबूत नींव रखी।
राज्यपाल ने कहा कि संविधान दिवस हम सभी के लिए संविधान में निहित आदर्शों, सिद्धांतों और कर्तव्यों के पुनर्स्मरण का पावन अवसर है। स्वतंत्र भारत के संविधान निर्माण में देश के अनेक महान मनीषियों ने मिलकर एक ऐसा दस्तावेज रचा जो आज भी हमारे राष्ट्र के लिए पथ-प्रदर्शक दीपस्तंभ की तरह मार्ग रोशन करता है। इसी प्रकाश में भारत निरंतर अपने स्वर्णिम भविष्य की ओर अग्रसर है।
राज्यपाल ने कहा कि संविधान दिवस के इस अवसर पर हमें संविधान निर्माताओं द्वारा जताए गए विश्वास को कायम रखने का संकल्प लेना चाहिए। प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है कि वह संविधान में निहित मूल कर्तव्यों को समझे, उन्हें अपने आचरण में उतारे और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए संविधान के आदर्शों को जीवंत बनाए रखे। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
………0……….