Close

    26-02-2021 : राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को संत रविदास जयंती की शुभकामनाएं दी

    प्रकाशित तिथि: फ़रवरी 26, 2021

    राजभवन देहरादून, 26 फरवरी, 2021
    राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने प्रदेशवासियों को संत रविदास जयंती की शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल ने कहा कि संत रविदास एक महान संत, दार्शनिक, कवि एवं समाज सुधारक थे।
    अपने संदेश में श्रीमती मौर्य ने कहा कि गुरू रविदास जी ने समाज में व्याप्त असमानता, भेदभाव व वैमनस्य को अपनी रचनाओं एवं उपदेशों के माध्यम से समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। संत रविदास जी की वाणी भक्ति की सच्ची भावना, समाज के हित की कामना तथा मानव प्रेम से ओत-प्रोत थी। उनके भजन व उपदेश आज भी सार्थक व प्रांसगिक हैं।
    राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कहा कि संत रविदास किसी जाति या समुदाय विशेष के गुरू नही थे, बल्कि वे समस्त मानव जाति के मार्गदर्शक थे। उनके आदर्श एवं संदेश सम्पूर्ण मानवता को सदियों से प्रेरित कर रहे हैं। सामाजिक व्यवस्था के साथ-साथ उन्होंने आदर्श राज्य-शासन प्रणाली हेतु भी मार्गदर्शन किया था।
    गुरू रविदास ने सामाजिक सौहार्द को प्रोत्साहित किया। वे भेदभाव और छुआछूत के विरूद्ध थे। वे दलित एवं वंचित वर्ग के उत्थान हेतु समर्पित महान रचनाकार थे। जाति प्रथा को व्यक्ति एवं समाज की प्रगति में बाधक मानते थे। संत रविदास की भावना के अनुरूप हमारा संविधान हमें समान अवसर, बराबरी और अच्छे जीवन का अधिकार देता है।
    राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कहा कि आज के युवा वर्ग को उनके जीवन एवं रचनाओं से प्रेरणा लेनी चाहिये। सभी लोगों को राष्ट्र के विकास एवं प्रगति के लिये समानता एवं भाईचारे की भावना के साथ एकजुट होना चाहिये।

    ………..0………