21-11-2026:हायर डिफेंस मैनेजमेंट कोर्स (एचडीएमसी-22) के प्रतिभागी अधिकारियों हेतु माननीय राज्यपाल का उद्बोधन
हायर डिफेंस मैनेजमेंट कोर्स (एचडीएमसी-22) के प्रतिभागी अधिकारियों हेतु माननीय राज्यपाल का उद्बोधन
(तिथिः 21 नवम्बर, 2026)
कॉलेज ऑफ डिफेंस मैनेजमेंट के कमांडेंट एयर वाइस मार्शल जी.के.जे. रेड्डी, विशिष्ट सेवा मेडल, निदेशक स्टाफ के अधिकारीगण, 22वें हायर डिफेंस मैनेजमेंट कोर्स के सभी प्रतिभागी अधिकारीगण!
आज के इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे आप सभी सैन्य अधिकारियों का लोक भवन में स्वागत एवं अभिनंदन करना मेरे लिए हर्ष और आत्मीय प्रसन्नता का विषय है।
उत्तराखण्ड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि तथा सैन्यभूमि भी है। हिमालय की अडिगता, गंगा की पवित्रता और यहाँ के जनमानस का अदम्य साहस इस प्रदेश की विशिष्ट पहचान है। इस धरती की माटी में राष्ट्रभक्ति, शौर्य, त्याग और सैन्य सेवा की गौरवशाली परंपरा पीढ़ियों से जीवंत है।
साथियों,
भारतीय सशस्त्र सेनाएँ हमारे राष्ट्र की संप्रभुता, सुरक्षा और स्वाभिमान की सबसे सशक्त प्रहरी हैं। सीमाओं पर प्रतिकूल परिस्थितियों, दुर्गम पर्वतों, तपते मरुस्थलों और महासागरों के बीच हमारे सैनिक जिस अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा से राष्ट्र की रक्षा करते हैं, वह प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का विषय है।
सैनिक का जीवन केवल सेवा नहीं, राष्ट्र के प्रति समर्पण की साधना है। वह स्वयं जागकर पूरे राष्ट्र की सुरक्षा और नागरिकों की निर्भयता सुनिश्चित करता है। राष्ट्रहित उसके लिए सर्वाेपरि है और उसका समर्पण किसी पद, प्रतिष्ठा अथवा पुरस्कार से कहीं अधिक महान है।
हमारे वीर सैनिकों का योगदान केवल युद्धभूमि तक सीमित नहीं है। प्राकृतिक आपदाओं, भूकम्प, बाढ़ और अन्य मानवीय संकटों में भी वे सेवा, साहस और संवेदना के साथ देशवासियों के साथ खड़े रहते हैं। सैनिक के साथ उसका पूरा परिवार भी राष्ट्रसेवा की तपस्या में सहभागी होता है। मैं देश के समस्त वीर सैनिकों, शहीदों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारों के प्रति अपनी गहन श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त करता हूँ।
मित्रों,
उच्च रक्षा प्रबंधन पाठ्यक्रम केवल ज्ञानार्जन का माध्यम नहीं, बल्कि सामरिक दूरदर्शिता, प्रभावी नेतृत्व, संगठनात्मक दक्षता और भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों के अनुरूप निर्णय क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। युद्ध और शान्ति, दोनों परिस्थितियों में रक्षा प्रबंधन की उत्कृष्टता राष्ट्रीय सुरक्षा की अनिवार्य आवश्यकता है।
वर्तमान वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य और युद्ध की प्रकृति तेजी से बदल रहे हैं। पारंपरिक सैन्य शक्ति के साथ साइबर सुरक्षा, अंतरिक्ष, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ड्रोन तकनीक और सूचना तंत्र की भूमिका भी बढ़ रही है। ऐसे समय में सैन्य नेतृत्व को वर्तमान चुनौतियों का समाधान करने के साथ भविष्य की चुनौतियों का पूर्वानुमान करने में भी सक्षम होना होगा। इसलिए आज के सैन्य नेतृत्व की सबसे बड़ी आवश्यकता है-तकनीकी दक्षता के साथ मानवीय संवेदना, डेटा के साथ विवेक और त्वरित कार्रवाई के साथ सटीक निर्णय क्षमता।
मेरा विश्वास है कि इस पाठ्यक्रम से प्राप्त ज्ञान, अनुभव और सामूहिक चिंतन आपकी नेतृत्व क्षमता को और अधिक प्रभावी बनाएगा। थल सेना, नौसेना और वायुसेना के बीच संयुक्तता, समन्वय एवं एकीकृत कार्यप्रणाली हमारी सामरिक शक्ति को नई दिशा और मजबूती प्रदान करेगी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के अनुरूप स्वदेशी रक्षा उत्पादन, अनुसंधान एवं नवाचार को प्रोत्साहन देना हमारी सामरिक आत्मनिर्भरता को और सुदृढ़ करेगा।
साथियों,
भारतीय सशस्त्र सेनाओं की सबसे बड़ी शक्ति उनकी अद्भुत एकता और साझा राष्ट्रनिष्ठा है। देश के विभिन्न राज्यों, भाषाओं, जातियों, सम्प्रदायों और सांस्कृतिक परंपराओं से आने वाले सैनिक जब एक ही ध्वज के नीचे राष्ट्रसेवा का संकल्प लेते हैं, तब भारत की एकात्म चेतना साकार होती है।
एक नागरिक एवं जनप्रतिनिधि के रूप में मेरा दृढ़ विश्वास है कि सैनिक केवल राष्ट्र की सीमाओं के प्रहरी ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय विश्वास और स्वाभिमान के संरक्षक भी हैं। उनकी वर्दी कर्तव्य, त्याग और समर्पण का प्रतीक है। देशवासी निश्चिंत होकर सो सकें, इसके लिए सैनिक हर परिस्थिति में सजग रहता है।
सेना हमें सिखाती है कि हमारी क्षेत्रीय पहचान, भाषायी विविधता और सांस्कृतिक परंपराएँ हमारी विशेषताएँ हैं, लेकिन हमारी सर्वाेपरि पहचान भारतीय होना है। यही ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ का वास्तविक दर्शन है।
देवभूमि, वीरभूमि, सैन्यभूमि उत्तराखण्ड ने देश को अनेक वीर सैनिक और असाधारण सैन्य नेतृत्वकर्ता दिए हैं। गढ़वाल राइफल्स और कुमाऊँ रेजिमेंट की गौरवशाली परंपराएँ हमारी राष्ट्रीय विरासत का अभिन्न अंग हैं।
हमें गर्व है कि इस वीरभूमि ने देश को प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत जी और द्वितीय चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान जी जैसे उत्कृष्ट सेनानायक दिए। वहीं, इसी धरती के सपूत राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार श्री अजीत डोभाल जी अपनी अदम्य राष्ट्रनिष्ठा, साहस और सामरिक दूरदर्शिता से राष्ट्रीय सुरक्षा को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
इन विभूतियों का जीवन इस बात का साक्षी है कि उत्तराखण्ड की माटी में शौर्य, राष्ट्रसमर्पण और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति अटूट संकल्प की गौरवशाली परंपरा विद्यमान है।
उत्तराखण्ड जैसे सीमावर्ती पर्वतीय प्रदेश में सीमांत गाँवों का विकास भी राष्ट्रीय सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार है। सड़क, संचार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की सुविधाओं के माध्यम से स्थानीय जनजीवन को सशक्त बनाना आवश्यक है। सीमांत गाँवों में जीवन की मजबूती ही हमारी सीमाओं की मजबूती है।
साथियों,
भारतीय ज्ञान परंपरा में कर्तव्यपालन को सर्वाेच्च धर्म माना गया है। श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण का संदेश है-
“कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन।”
अर्थात् मनुष्य को फल की चिंता किए बिना अपने कर्तव्य का निष्ठापूर्वक पालन करना चाहिए। सैनिक जीवन निष्काम कर्म, अनुशासन और समर्पण का सजीव उदाहरण है।
मेरा विश्वास है कि एक श्रेष्ठ सैन्य अधिकारी वही है, जो अपने चरित्र, आचरण और कर्तव्यनिष्ठ नेतृत्व से आदर्श प्रस्तुत करे। संकट की घड़ी में धैर्य, निर्णय में विवेक और राष्ट्रहित में अडिग संकल्प ही सच्चे नेतृत्व की पहचान हैं।
आप सभी प्रतिभागी अधिकारी इस पाठ्यक्रम से अर्जित ज्ञान और अनुभव को अपने-अपने दायित्वों में लागू करते हुए राष्ट्र की सुरक्षा, सामरिक क्षमता और सैन्य संस्थाओं की उत्कृष्टता को नई ऊँचाइयों तक ले जाएँ, यही मेरी शुभकामना है।
आइए, हम सब मिलकर एक ऐसे सुरक्षित, सशक्त, आत्मनिर्भर और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध भारत के निर्माण का संकल्प लें, जो विश्व में शान्ति, सद्भाव और मानव कल्याण का अग्रदूत बने।
आपका नेतृत्व सशक्त हो, आपकी दृष्टि व्यापक हो, आपके निर्णय राष्ट्रहित से प्रेरित हों और आपके नेतृत्व में प्रत्येक सैनिक का मनोबल एवं आत्मविश्वास निरन्तर ऊँचा रहे। हमारी सेनाएँ अजेय सामर्थ्य से परिपूर्ण हों, हमारा राष्ट्र एकता के सूत्र में सदैव बँधा रहे और तिरंगा विश्व के आकाश में गौरव के साथ लहराता रहे।
इसी संकल्प और विश्वास के साथ आप सभी के उज्ज्वल भविष्य एवं इस पाठ्यक्रम की पूर्ण सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ।
वन्दे मातरम्! भारत माता की जय!