Close

    20-10-2021:राज्यपाल ने देश के पहले गोर्खाली कम्युनिटी रेडियो स्टेशन ‘‘घाम छाया’’ का उद्घाटन किया।

    प्रकाशित तिथि: अक्टूबर 21, 2021

    राजभवन, देहरादून 20 अक्टूबर, 2021

    राज्यपाल ले ज श्री गुरमीत सिंह (से नि) ने बुधवार को गोर्खाली सुधार सभा, गढ़ी कैन्ट देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में देश के पहले गोर्खाली कम्युनिटी रेडियो स्टेशन ‘‘घाम छाया’’ का उद्घाटन किया। ज्ञातव्य है कि यह रेडियो स्टेशन देशभर में 90.0 एफएम पर सुना जा सकेगा। गूगल प्ले स्टोर से घाम छाया का एप भी डाउनलॉड किया जा सकता है। रेडियो स्टेशन का समय प्रातः 7 बजे से 11 बजे तथा सांय 5 बजे से 9 बजे तक रहेगा।
    कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये राज्यपाल श्री गुरमीत सिंह ने कहा कि देश का पहला गोर्खाली कम्युनिटी स्टेशन ‘‘घाम छाया’’ उत्तराखण्ड तथा देशभर में रहने वाले गोर्खाली समुदाय को एकता के सूत्र में बांधने के साथ ही उनकी समृद्धशाली संस्कृति, परम्पराओं, भाषा, विरासत के संरक्षण में प्रभावी भूमिका निभाएगा। विश्वास है कि ‘‘रेडियो स्टेशन घाम-छाया गोर्खाली लोगों की आवाज बनेगा’’ और ‘‘उनकी कहानियाँ’’ न केवल गोर्खाली समुदाय बल्कि पूरी दुनिया सुन पाएगी।
    राज्यपाल श्री गुरमीत सिंह ने कहा कि आज का समय ‘‘मीडिया तथा सोशल मीडिया’’ का है। फिर भी बहुत से ऐसे लोग है जिनकी पहुंच मुख्यधारा की मीडिया तक नही है। यह कम्युनिटी रेडियो स्टेशन ‘‘ऐसे कमजोर लोगों’’ की आवाज बन सकता है। ‘‘उनकी समस्याओं और मुद्दों’’ को प्रभावी ढंग से उठा सकता है।
    राज्यपाल श्री गुरमीत सिंह ने कहा कि कम्युनिटी रेडियो सही मायने में ग्रासरूट लेवल पर डेमोक्रेटिक मीडिया का सुन्दर उदाहरण है। कम्युनिटी रेडियो स्टेशन एक कम्युनिटी के साथ ही उस समुदाय की महिलाओं, बालिकाओं तथा युवाओं को भी सशक्त करता है। यह बच्चों में ‘‘राष्ट्रीयता की भावना’’ को मजबूत करने तथा ‘‘राष्ट्र निर्माण’’ में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। यह कम्युनिटी बेस्ड डेवलपमेंट को बढ़ावा देगा।
    राज्यपाल श्री गुरमीत सिंह ने कहा कि उत्तराखण्ड एक ऐसा राज्य है जहाँ कम्युनिटी रेडियो के कार्यक्रमों ने समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मेरा मानना है कि राज्य में विकास का रोडमैप राज्य की सुन्दर संस्कृति, अनूठी परम्पराओं, विरासत तथा आपसी सद्भाव पर आधारित होना चाहिये। राज्य में कम्युनिटी रेडियो स्टेशन दूरस्थ पर्वतीय गांवों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
    राज्यपाल श्री गुरमीत सिंह ने कहा कि एक रेडियो स्टेशन तभी बेहतरीन काम कर सकता है जब उसे समुदाय द्वारा अपनी सम्पति माना जाता है। यह पूरे समुदाय का उत्तरदायित्व बन जाता है कि इस रेडियो स्टेशन को हर प्रकार से सहयोग दे।
    राज्यपाल श्री गुरमीत सिंह ने कहा कि गोर्खाली समुदाय का देश के विकास विशेषकर रक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। गोरखा सैनिक लड़ाई के मैदान में अपनी वीरता तथा साहस के लिये जाने जाते हैं। हमें महावीर चक्र प्राप्त करने वाले सैनिक महावीर थापा, कैप्टन के एस थापा तथा परमवीर चक्र प्राप्त करने वाले कर्नल धन सिंह थापा जैसे वीर गोर्खाली सैनिकों पर गर्व है। मुझे गोरखा बटालियनों के साथ काम करने के कई अवसर मिले। मेरी पलटन में गोरखा सैनिक थे। मुझे गोरखा सैनिकों की ‘‘ईमानदारी, लगन, निष्ठा तथा समर्पण’’ ने अत्यन्त प्रभावित किया। आज भारतीय सेना में 39 सबसे बेहतरीन इन्फेन्ट्री बटालियन गोरखा सैनिकों की हैं। हमें आप पर ‘‘गर्व’’ है।
    राज्यपाल श्री गुरमीत सिंह ने कहा कि वे गोरखा सैनिकों के परिवारों को भी धन्यवाद करना चाहता हूँ जो ड्यूटी पर तैनात सैनिकों की अनुपस्थिति में घर-परिवार की देखभाल पूरी जिम्मेदारी से कर रहे हैं। कोई भी सैनिक बॉर्डर पर ड्यूटी अच्छी तरह से तब ही कर सकता है जब उसका घर पूरी तरह से सुरक्षित है।
    राज्यपाल श्री गुरमीत सिंह ने कहा कि मुझे सैन्यधाम उत्तराखण्ड में राज्यपाल के रूप में सेवा का अवसर मिला है। यह हर सैनिक का साझा सम्मान है। मेरा अनुरोध है कि राज्य में भूतपूर्व सैनिक ‘‘रिवर्स माइग्रेशन, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा जल संरक्षण‘‘ के लिये अच्छा कार्य कर सकते हैं।
    सैनिक कल्याण मंत्री श्री गणेश जोशी ने कहा कि घाम छाया रेडियो स्टेशन गोर्खाली समुदाय की संस्कृति के संरक्षण में मील का पत्थर सिद्ध होगा। सरकार राज्य में पांचवा धाम सैन्यधाम बनाने जा रही हैं। 1724 शहीदो के परिवारों को चिहिन्त किया गया है, जिनके घरों की पवित्र मिटटी सैन्यधाम के लिये लायी जाएगी। सेना में प्रत्येक पांचवा सैनिक उत्तराखण्डी है।
    इस अवसर पर ले0 ज0 शक्ति गुरंग, ले0 ज0 राम सिंह प्रधान, बिग्रेडियर पी एस गुरूंग, कैप्टन पदम सिंह थापा, गोर्खाली सुधार सभा की अध्यक्ष श्रीमती मधु गुरूंग, ओएनजीसी सीएसआर हेड श्री विजय राज तथा अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
    ………….0……..