Close

    16-06-2023:यूपीईएस विश्वविद्यालय में अतुल्य भारत को प्रदर्शित करता ’इंडिया लीड्स द वर्ल्ड’ संगीत वीडियो का विमोचन करते हुए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि)।

    प्रकाशित तिथि: जून 17, 2023

    राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शुक्रवार को यूपीईएस विश्वविद्यालय में अतुल्य भारत को प्रदर्शित करता ’इंडिया लीड्स द वर्ल्ड’ संगीत वीडियो का विमोचन किया। यूपीईएस विश्वविद्यालय के छात्रों व फैकल्टी द्वारा बनाया गया यह संगीत वीडियो उभरते हुए भारत देश को समर्पित है, जो उस बदलाव का नेतृत्व कर रहा है जिसे दुनिया टकटकी लगाए देख रही है। इस वीडियो में विश्वविद्यालय के चेयरमैन, वाइस चांसलर और डीन जैसे वरिष्ठ अधिकारियों सहित सुरक्षा गार्ड, माली, ऑफिस बाय सहित अन्य सदस्यों ने अभिनय किया है।

    वीडियो लांचिंग के अवसर पर राज्यपाल ने यूपीईएस विश्वविद्यालय की पूरी टीम को इस अनूठे प्रयास के लिए बधाई दी और कहा कि उन्होंने वीडियो संदेश के माध्यम से भारत की एकता और अखण्डता को प्रदर्शित किया है। उन्होंने कहा कि इस वीडियो में एकता और एकजुटता का जो संदेश देने का कार्य किया है वह प्रशंसनीय है। राज्यपाल ने कहा कि यह संगीत वीडियो भारत के लिए इस भावना को दर्शाता है कि देश में जो परिवर्तन और प्रगति आ रही है वह भारत को निश्चित ही विश्वगुरू और सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र की ओर ले जायेगी। राज्यपाल ने कहा कि हमारी सबसे बड़ी ताकत हमारी एकता है उसी भावना को इस वीडियो में प्रदर्शित किया गया है।

    उन्होंने कहा कि अमृतकाल के इस दौर में भारत प्रगति की ओर अग्रसर है। हमें अपनी सभ्यता, संस्कृति और इतिहास को आधुनिक तकनीक के साथ मिलाकर चलना होगा। अमृतकाल के इन 25 वर्षों में विकसित भारत का नेतृत्व युवा पीढ़ी को करना है। हर क्षेत्र में शक्ति और समृद्धि हासिल करने के लिए सभी को संगठित रूप से आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि एक भारत, श्रेष्ठ भारत के सपनों को पूरा करने के लिए हमें अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि इस संगीत वीडियो को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का कार्य किया जाए।

    इस अवसर पर एचईआरएस के चेयरमैन शरद मेहरा ने अपने संबोधन के साथ शुरुआत करते हुए संगीत वीडियो, भरतनाट्यम की सुंदरकला, आधुनिक नृत्य प्रदर्शन से लेकर हर तरह के क्रियाकलापों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अवसर पर मेयर देहरादून सुनील उनियाल गामा, यूपीईएस के चांसलर डॉ. सुनील राय, वाइस चांसलर डॉ.राम शर्मा, रजिस्ट्रार मनीष मदान सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
    ……….0……….