14-11-2026 : झारखण्ड राज्य स्थापना दिवस एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर माननीय राज्यपाल, उत्तराखण्ड का उद्बोधन
आज इस पावन अवसर पर लोक भवन के प्रेक्षागृह में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों एवं नागरिकों का मैं हार्दिक अभिनंदन करता हूँ।
झारखण्ड राज्य स्थापना दिवस पर पूरे उत्तराखण्ड की ओर से आप सभी झारखण्डवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ! साथ ही, जनजातीय गौरव दिवस के पावन अवसर पर समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ अर्पित करता हूँ।
आज का यह पावन दिवस झारखण्ड की ऐतिहासिक चेतना, गौरवशाली पहचान, जनजातीय अस्मिता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का स्मरण करने का अवसर है। आज ही के दिन वर्ष 2000 में झारखण्ड राज्य का गठन हुआ था। यह वर्षों के जनसंघर्ष, जनाकांक्षाओं और आत्मसम्मान की भावना की ऐतिहासिक परिणति का प्रतीक है। आज ही के दिन भगवान बिरसा मुंडा जी की पावन जयंती भी है। मैं इस महान जननायक को शत्-शत् नमन करते हुए अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ।
झारखण्ड की धरती प्राकृतिक सौंदर्य और खनिज सम्पदा के साथ-साथ अपनी गौरवशाली जनजातीय परम्पराओं, अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति के लिए विशिष्ट पहचान रखती है। यहाँ की माटी में स्वाभिमान, संघर्ष और बलिदान की प्रेरणादायी गाथाएँ समाहित हैं।
भगवान बिरसा मुंडा भारतीय स्वाधीनता संग्राम के ऐसे महान जननायक हैं, जिन्होंने अल्पायु में ही अपने अदम्य साहस, नेतृत्व और संघर्ष से जनजातीय चेतना को नई दिशा दी। ‘धरती आबा’ के नाम से विख्यात बिरसा मुंडा जी ने अंग्रेजी शासन, शोषण और अन्याय के विरुद्ध ऐतिहासिक ‘उलगुलान’ का नेतृत्व करते हुए जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समाज के अधिकारों तथा उसकी सांस्कृतिक अस्मिता एवं स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष किया। मात्र 25 वर्ष की आयु में उनका बलिदान राष्ट्र के इतिहास में साहस, त्याग और आत्मसम्मान की अमिट गाथा बन गया।
उनका जीवन अन्याय के विरुद्ध निर्भीक संघर्ष, आत्मसम्मान और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर मैं सिद्धू-कान्हू, चाँद-भैरव, तिलका मांझी और नीलाम्बर-पीताम्बर सहित समस्त जनजातीय वीरों को भी श्रद्धापूर्वक नमन करता हूँ, जिनके बलिदान ने भारतीय स्वाधीनता संग्राम को नई शक्ति प्रदान की।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में 15 नवम्बर, 2021 को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान को राष्ट्रीय पहचान एवं सम्मान प्रदान करने की महत्वपूर्ण पहल है। यह दिवस हमें जनजातीय वीरों के गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेते हुए उनकी संस्कृति, अधिकारों और सर्वांगीण विकास के प्रति संकल्पबद्ध होने का संदेश देता है।
झारखण्ड की संथाल, मुंडा, उराँव और हो सहित विभिन्न जनजातीय समुदायों की समृद्ध सांस्कृतिक परम्पराएँ भारत की विविधतापूर्ण सभ्यता का अभिन्न अंग हैं। सरहुल, सोहराय और करम जैसे पर्व प्रकृति के प्रति श्रद्धा, सामुदायिक एकता और सहअस्तित्व की भावना को अभिव्यक्त करते हैं। इनके लोकगीत, लोकनृत्य, भाषाएँ, हस्तशिल्प और पारम्परिक ज्ञान हमारी सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध बनाते हैं।
भारतीय संस्कृति में जनजातीय एवं वनवासी समाज के प्रति सम्मान और आत्मीयता की परम्परा प्राचीन काल से रही है। त्रेतायुग में भगवान श्रीराम का माता शबरी के प्रति स्नेह और निषादराज गुह के प्रति आत्मीयता सामाजिक समरसता, समानता और आत्मीयता के अनुपम उदाहरण हैं। उनका जीवन हमें प्रेम, सम्मान और आत्मीयता से परिपूर्ण समाज निर्माण की प्रेरणा देता है।
‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ और ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ के शाश्वत भारतीय दर्शन की झलक जनजातीय समाज के सामूहिक जीवन और प्रकृति के साथ उसके आत्मीय संबंधों में दिखाई देती है। आज जब विश्व पर्यावरणीय असंतुलन और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब जनजातीय समाज का प्रकृति-सम्मत जीवन-दर्शन सम्पूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। जल, जंगल और जमीन का संरक्षण केवल हमारी आवश्यकता नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के प्रति हमारा उत्तरदायित्व भी है।
राष्ट्र का विकास तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। जनजातीय समाज का सम्मान, सशक्तीकरण और सर्वांगीण विकास समावेशी राष्ट्र-निर्माण की आधारशिला है।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी महत्वपूर्ण पहलों के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं एवं विकास के अवसरों का विस्तार किया जा रहा है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों, छात्रवृत्ति और कौशल विकास कार्यक्रमों से जनजातीय युवाओं के लिए शिक्षा एवं प्रगति के नए द्वार खुल रहे हैं।
जनजातीय समाज के सशक्तीकरण के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों का विस्तार आवश्यक है। विशेषकर जनजातीय महिलाओं की उद्यमशीलता, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देकर उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
देवभूमि उत्तराखण्ड और वीरभूमि झारखण्ड भौगोलिक दूरी के बावजूद प्रकृति के प्रति श्रद्धा, सामुदायिक एकता और समृद्ध जनजातीय परम्पराओं के सूत्रों से जुड़े हैं। उत्तराखण्ड के थारू, बुक्सा, भोटिया, जौनसारी एवं राजी तथा झारखण्ड के विभिन्न जनजातीय समुदायों ने अपनी विशिष्ट भाषाओं, लोककलाओं और सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी संरक्षित रखा है।
दोनों राज्यों के बीच जनजातीय संस्कृति, पारम्परिक ज्ञान, हस्तशिल्प, शिक्षा एवं पर्यटन के क्षेत्रों में परस्पर सहयोग की व्यापक संभावनाएँ हैं। ऐसे प्रयास ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को और सुदृढ़ करेंगे।
वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में जनजातीय समाज की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमारे जनजातीय युवा शिक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, खेल एवं उद्यमिता में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करें तथा जनजातीय बेटियाँ आत्मनिर्भरता और नेतृत्व के माध्यम से समाज को नई दिशा दें।
हमारा प्रयास हो कि जनजातीय समाज अपनी गौरवशाली संस्कृति एवं परम्पराओं को अक्षुण्ण रखते हुए विकास की यात्रा में समान भागीदार बने और राष्ट्र की प्रगति में अग्रणी भूमिका निभाए। अपनी जड़ों से जुड़े रहकर प्रगति के नए शिखरों का स्पर्श करना ही विकास का वास्तविक अर्थ है।
प्रिय झारखण्डवासियों,
आइए, भगवान बिरसा मुंडा जी के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए जनजातीय संस्कृति एवं विरासत के संरक्षण और जनजातीय समाज के सम्मान, सशक्तीकरण एवं सर्वांगीण विकास का संकल्प लें।
मुझे पूर्ण विश्वास है कि झारखण्ड अपनी प्राकृतिक सम्पदा, सांस्कृतिक वैभव और सामर्थ्यवान जनशक्ति के बल पर विकास एवं समृद्धि के नए प्रतिमान स्थापित करते हुए विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी का जीवन, उनके आदर्श और उनका अमर संदेश सदैव हमारी राष्ट्रीय चेतना को प्रेरित करते रहें।
अंत में, मैं झारखण्ड राज्य स्थापना दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती के पावन अवसर पर समस्त झारखण्डवासियों के सुख, समृद्धि, आरोग्य और उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक मंगलकामना करते हुए अपनी वाणी को विराम देता हूँ।
जय हिन्द! जय भारत!