Close

    14-03-2021 : लोकपर्व फूलदेई पर्यावरण संरक्षण का उत्सव है – राज्यपाल

    प्रकाशित तिथि: मार्च 15, 2021

    राजभवन देहरादून 14 मार्च, 2021
    उत्तराखण्ड के प्रसिद्ध लोक पर्व फूलदेई के अवसर पर रविवार प्रातः राजभवन पहुंचे बच्चों ने प्रकृति के साथ सुख-शान्ति और समृद्धि की शुभकामनाएं लेकर राजभवन की दहलीज पर फूल बरसाये। हाथों में आकर्षक फूलों की छोटी-छोटी टोकरियां थामे बच्चियों ने राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य को शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने बड़े उत्साह के साथ बच्चों का स्वागत किया और उन्हें चावल, अन्य अनाज एवं उपहार भेंट किए। राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने बच्चों के खुशहाल एवं उज्जवल भविष्य की कामना की।
    राज्यपाल ने कहा कि लोकपर्व फूल देई पर्यावरण संरक्षण का उत्सव है। फूलदेई त्यौहार राज्य का लोकपर्व है। यह लोकपर्व प्रकृति प्रेम एवं पर्यावरण सरंक्षण का संदेश देता है। हमें अपनी परम्पराओं तथा संस्कृति से भावी पीढ़ी को जोड़ना होगा।
    इस अवसर पर पद्मश्री डॉ. आर.के.जैन, कार्यक्रम के आयोजक यूथ ऑइकॉन क्रियेटिव फाउण्डेशन के श्री शशि भूषण मैठाणी, आचार्य विपिन जोशी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।