Close

    10-03-2025 : राष्ट्रीय एकता और सद्भाव की यात्रा के तहत राजभवन देहरादून पधारे मणिपुर के टेंग्नौपाल जिले के युवाओं को मा. राज्यपाल का सम्बोधन

    प्रकाशित तिथि: मार्च 10, 2025

    जय हिन्द!

    सर्वप्रथम मैं आप सभी छात्रों का राजभवन उत्तराखण्ड में हार्दिक स्वागत करता हूँ।

    भारत की एकता, अखण्डता और विविधता की प्रतीक यह “राष्ट्रीय एकता यात्रा” हमारे छात्रों में राष्ट्र प्रथम की भावना से ओत-प्रोत, देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

    इस यात्रा से आपको भारत की विविध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को आत्मसात करने का मौका मिला है। छात्र हमारे देश का भविष्य हैं और उन्हें जीवन में सफल होने के लिए ज्ञान और शिक्षा प्राप्त करने का निरंतर प्रयास करना चाहिए। हम सभी को अपने देश के बारे में अधिक से अधिक ज्ञान प्राप्त करना चाहिए और अपने देश के इतिहास, संस्कृति और परंपरा पर गर्व महसूस करना चाहिए।

    उत्तराखण्ड के प्रमुख शहर में स्थानीय दर्शनीय स्थलों की यात्रा के तहत आपने भारतीय सैन्य अकादमी (प्ड।), वन अनुसंधान संस्थान (थ्त्प्) और रॉबर्स केव का दौरा कर निश्चित ही आपने जीवन में अमूल्य अनुभव अर्जित किए होंगे।

    प्राचीन समय से ही पूर्वाेत्तर की अनेक हस्तियों ने देश की रक्षा और निर्माण में काफी योगदान दिया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार पूर्वाेत्तर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा इस दिशा में कई उपाय किए जा चुके हैं।

    मणिपुर शांति और भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए चल रहे सांप्रदायिक संघर्षों से उभरे, इसके लिए हर स्तर से प्रयास किए जा रहे हैं। मेरा मानना है कि इस यात्रा से ‘एक राष्ट्र, एक दिल की धड़कन’ की भावना मिलेगी।

    मैं इस पहल के लिए असम राइफल्स को बधाई देता हूँ। इस तरह के शैक्षिक भ्रमण छात्रों को देश की मौजूदा विविधता को समझने में मदद करते हैं। चाहे वे क्षेत्रीय, धार्मिक, सांस्कृतिक, भाषाई विविधताएं हीं क्यों न हों। इससे उन्हें राष्ट्र की विविधता में एकता के बारे में जानकर गर्व का अनुभव होता है।

    असम राइफल्स पूर्वाेत्तर में लोगों के मित्र और सीमाओं के प्रहरी हैं। हरेक छात्र को हमारे देश की पूर्वी सीमा की सुरक्षा करने और वहां स्थायी रूप से शांति स्थापित करने में इस बल के समर्पण के बारे में जानकारी होनी चाहिए। ये पूर्वाेत्तर में सरकार की विकास योजनाओं को लागू करने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

    प्यारे बच्चों, इस यात्रा के आपके अनुभव न केवल आपकी सोच को विस्तृत करेंगे, बल्कि इससे आपको भारतीय संस्कृति और परंपराओं की गहराई से अवगत होने का भी अवसर मिला होगा। आपको अपने नजदीकी और प्रिय जनों के साथ इस यात्रा के अनुभव साझा करने चाहिए, ताकि उन्हें भी देश में मौजूद विविधता के बारे में पता चल सके।

    आपमें से हर एक के पास अपनी अलग पहचान और सपने हैं। यह यात्रा उन सपनों को आकार देने का एक अवसर है। मेरा आपसे आग्रह है कि आप सभी अच्छी चीजों को उसे आत्मसात करें और अपने जीवन में नई ऊंचाइयों तक पहुंचने का संकल्प लें।

    हमारी भारतीय सेना का यह प्रयास ‘ऑपरेशन सद्भावना’ सीमांत क्षेत्र के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने का एक अभिनव कदम है। यह न केवल आपको प्रोत्साहित करता है, बल्कि देश के हर नागरिक को यह संदेश देता है कि हर कोना भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। निश्चित ही यह यात्रा उनके जीवन में नए अवसरों और दृष्टिकोण को जन्म देगी।

    सीमांत क्षेत्र में निवास करने वाले हर नागरिक को मैं एक नायक मानता हूँ, जो हमारे देश की सीमा को न केवल सुरक्षित रखते हैं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत को भी जीवंत रखते हैं। मेरा विश्वास है कि आपकी यह यात्रा आपके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाएगी।

    उत्तराखण्ड केवल देवभूमि नहीं है, बल्कि यह सैन्यधाम और वीरभूमि भी है। हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपराएं और लोक कलाएं आपको निश्चित रूप से प्रेरित करेंगी। यहाँ पर व्यतीत किया हुआ हर एक पल आपको जीवन में धैर्य और शक्ति प्रदान करेगा।

    आप कल के भारत के निर्माता हैं। आपकी मेहनत, आपकी सोच, और आपका आत्मविश्वास ही हमारे राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। मुझे पूर्ण विश्वास है कि यह यात्रा आपके अंदर नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व के गुण विकसित करेगी।

    मेरा आप सभी से अनुरोध है कि भविष्य में आप जिस भी क्षेत्र में अपना करियर बनाएँ, वहाँ एक लीडर बनने की कोशिश करें। एक लीडर वही होता है, जो दूसरों को प्रेरित करें, सही दिशा दिखाएं और हमेशा समाज हित के लिए काम करें।

    मेरा विश्वास है कि आपका यह भ्रमण मणिपुर के युवाओं में एकता, लचीलापन और राष्ट्रीय गौरव को बढ़ावा देने में एक मील का पत्थर साबित होगा।

    अंत में, मैं आप सभी के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देता हूँ और आशा करता हूँ कि आप अपने सपनों को साकार करेंगे और अपने राष्ट्र निर्माण में अपना अहम योगदान देंगे।
    जय हिन्द!