Close

    09-11-2022: राज्यपाल ने जीएमएस रोड में स्व0 मेजर जनरल ठाकुर महादेव सिंह की स्मृति में बने त्रि-स्तंभ का लोकार्पण किया।

    प्रकाशित तिथि: नवम्बर 9, 2022

    राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने बुधवार को जीएमएस रोड में स्व0 मेजर जनरल ठाकुर महादेव सिंह की स्मृति में बने त्रि-स्तंभ का लोकार्पण किया। जनरल महादेव सिंह, आजादी के बाद आईएमए के पहले कमांडेंट बनें। इसके अलावा वे ज्वाइंट सर्विसिज विंज(JSW) के संस्थापक कमांडेंट बनें। उनके द्वारा इन संस्थानों के बीच आने-जाने के लिए सड़क का निर्माण करवाया गया। जनरल महादेव सिंह की राष्ट्र सेवा और देहरादून के साथ लम्बे लगाव के कारण इस सड़क का नाम उनके सम्मान में रखा गया है। जनरल महादेव सिंह के परिजनों द्वारा आज उनकी 115वीं जयंती पर इस त्रि-स्तंभ का लोकार्पण कराया गया।

    इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड सैन्य भूमि के साथ-साथ वीरों की भूमि है और यहां वीरों का सदैव सम्मान किया जाता है। जनरल महादेव सिंह की स्मृति में बनाये गए इस त्रि-स्तंभ से हमेंशा देश सेवा के लिए किये गए उनके कार्यों की याद दिलाती रहेगी और अन्य लोगों को भी देश भक्ति के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि जनरल महादेव सिंह की सोच से आज यह सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग के रुप में हमारे सम्मुख है। राज्यपाल ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर उनकी जयंती पर आज त्रि-स्तंभ का लोकार्पण किया जाना अपने आप में सुभ संयोग है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद किसी सेना के अधिकारी के नाम से यह पहली सड़क है। उन्होंने इस कार्य में सहयोग करने वाले सभी संस्थाओं के कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर उत्तराखण्ड सब एरिया के जी.ओ.सी मेजर जनरल संजीव खत्री, जनरल महादेव सिंह के सुपुत्र ले.ज(रि.) आदित्य सिंह, सुपुत्री ललिता लाल, डॉ. अमरेन्द्र सिंह सहित उनके परिजन, सेना के अधिकारी व पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

    ……….0……….