07-11-2026:उत्तराखण्ड के राज्यपाल के रूप में गृह जनपद सिवनी के प्रथम आगमन पर माननीय राज्यपाल का उद्बोधन
(तिथिः 07 नवम्बर, 2026)
आप सभी को हृदय की गहराइयों से मेरा सादर नमस्कार!
आदरणीय जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठजन, प्रबुद्ध नागरिकों, मातृशक्ति, गुरुजन तथा मेरे प्रिय सिवनीवासियों!
आज अपनी जन्मभूमि पर, अपने लोगों के बीच उपस्थित होकर मेरा हृदय भावनाओं से अभिभूत है। देवभूमि उत्तराखण्ड के राज्यपाल का दायित्व ग्रहण करने के पश्चात् गृह जनपद सिवनी में यह प्रथम आगमन मेरे लिए अपनी जड़ों, जीवन की स्मृतियों और व्यक्तित्व को गढ़ने वाले संस्कारों से पुनः जुड़ने का अत्यंत भावपूर्ण अवसर है। आप सभी का यह स्नेहिल स्वागत मेरे लिए अविस्मरणीय है।
मनुष्य जीवन में कितनी भी ऊंचाइयाँ प्राप्त कर ले, उसकी पहचान और व्यक्तित्व की वास्तविक जड़ें उसकी जन्मभूमि, परिवार और समाज में ही होती हैं। अपनी मिट्टी की सुगंध, अपने लोगों का अपनापन और बचपन से जुड़ी स्मृतियाँ जीवनभर मनुष्य के साथ रहती हैं। सिवनी मेरे लिए ऐसी ही आत्मीय भूमि है, जिसके संस्कार और स्मृतियाँ जीवनभर मेरे अंतर्मन में अंकित रहेंगे।
इस अवसर पर मैं अपने पूज्य माता-पिता का श्रद्धापूर्वक स्मरण करता हूँ। उनके दिए संस्कार, परिश्रम की प्रेरणा और सेवा का भाव ही मेरे जीवन की सबसे बड़ी पूँजी रहे हैं। अपने गुरुजनों, वरिष्ठजनों और उन सभी आत्मीयजनों के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने समय-समय पर मुझे स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्रदान किया। आज जो कुछ भी हूँ, उसमें आप सभी के योगदान की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मेरे सार्वजनिक जीवन की यात्रा चिकित्सा सेवा से प्रारंभ हुई। इसके पश्चात् विधायक, मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और लोकसभा सदस्य के रूप में जनसेवा के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करने का अवसर मिला। इस यात्रा में सिवनी की जनता का विश्वास, सहयोग और स्नेह सदैव मेरा संबल रहा है।
आज देवभूमि उत्तराखण्ड के राज्यपाल के रूप में संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करना मेरे लिए गौरव के साथ एक महत्वपूर्ण उत्तरदायित्व है। मेरा प्रयास रहेगा कि शिक्षा, उच्च शिक्षा, अनुसंधान, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर रचनात्मक संवाद एवं सकारात्मक पहलों को प्रोत्साहित किया जाए।
मध्य प्रदेश मेरी जन्मभूमि है और उत्तराखण्ड मेरी वर्तमान कर्मभूमि। एक ओर मध्य प्रदेश की समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत है, तो दूसरी ओर हिमालय की दिव्यता, माँ गंगा-यमुना के पावन उद्गम स्थलों और चारधाम की आध्यात्मिक महिमा से सुशोभित उत्तराखण्ड है। दोनों प्रदेशों की अपनी विशिष्ट पहचान है, किंतु भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय एकात्मता और राष्ट्रसेवा के संस्कार हमें एक सूत्र में बाँधते हैं।
मेरे प्रिय सिवनीवासियों,
सिवनी की यह धरती अपनी प्राकृतिक संपदा, वनांचलों, कृषि परंपरा और सांस्कृतिक वैभव के लिए विशिष्ट पहचान रखती है। यहाँ की मिट्टी में परिश्रम है, समाज में आत्मीयता है और जनमानस में आगे बढ़ने की अद्भुत क्षमता है। मुझे विश्वास है कि स्थानीय प्रतिभा, उपलब्ध संसाधनों और जनसहभागिता के समन्वय से सिवनी विकास के नए प्रतिमान स्थापित करेगा।
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इस राष्ट्रीय लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं की प्रतिभा, मातृशक्ति का सामथ्र्य, किसानों का परिश्रम और ज्ञान-विज्ञान की शक्ति निर्णायक भूमिका निभाएगी। मेरा दृढ़ विश्वास है कि हम सभी के सामूहिक प्रयासों से वर्ष 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प अवश्य साकार होगा।
हमारा समाज तभी वास्तविक अर्थों में प्रगतिशील बनेगा, जब प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त होंगे। किसानों का जीवन समृद्ध हो, महिलाओं की भागीदारी और अधिक सशक्त बने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचे-यही समावेशी विकास का वास्तविक उद्देश्य होना चाहिए।
आज इस अवसर पर आप सभी द्वारा जिस आत्मीयता और सम्मान के साथ मेरा अभिनंदन किया जा रहा है, वह मेरे लिए अत्यंत भावुक क्षण है। मैं इस सम्मान को अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, अपितु अपनी जन्मभूमि के लोगों के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद के रूप में स्वीकार करता हूँ। आपका यह अपनत्व मुझे सदैव अपनी जड़ों से जुड़े रहने और अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण से निर्वहन करने की प्रेरणा देता रहेगा।
अंत में, मैं अपने सिवनीवासियों से यही कहना चाहूँगा कि अपनी माटी, अपनी परंपराओं और सामाजिक सद्भाव पर गर्व करें। अपनी भावी पीढ़ी को श्रेष्ठ शिक्षा और संस्कार दें तथा अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त कर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान दें।
जन्मभूमि हमारी पहचान है, उसके संस्कार हमारी शक्ति हैं और राष्ट्रसेवा हमारे जीवन का सर्वाेच्च ध्येय है।
मेरी हार्दिक मंगलकामना है कि सिवनी निरंतर प्रगति के नए सोपान प्राप्त करे, यहाँ के प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख-समृद्धि आए और यह जनपद अपनी प्रतिभा, परिश्रम एवं सांस्कृतिक गौरव से नई पहचान स्थापित करे।
आप सभी के इस असीम स्नेह, सम्मान और आत्मीय स्वागत के लिए हृदय से आभार व्यक्त करते हुए अपनी वाणी को विराम देता हूँ।
जय हिन्द! जय मध्य प्रदेश!