Close

    07-05-2022:राज्यपाल सोमवार को मध्यप्रदेश के महू स्थित आर्मी वॉर कॉलेज पहुंचे।

    प्रकाशित तिथि: मार्च 7, 2022

    राजभवन देहरादून 07 मार्च, 2022

    राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) सोमवार को मध्यप्रदेश के महू स्थित आर्मी वॉर कॉलेज पहुंचे। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सैन्य अधिकारियों से बातचीत की तथा उनका उत्साहवर्धन किया। राज्यपाल ने कहा कि आर्मी वॉर कॉलेज में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पेशेवर, प्रतिबद्ध, सक्षम और जुनून से भरे सैन्य अधिकारी भारतीय सेना को भविष्य में प्रभावी नेतृत्व प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि सैन्य अधिकारियों में स्वभाविक नेतृत्व क्षमता होती है। सैन्य अधिकारी अपने अनुभव एवं प्रशिक्षण का लाभ सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज के व्यापक हित तथा कल्याण के लिए कर सकते हैं।
    राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से इस अवसर पर आर्मी वार कॉलेज के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल वी एस श्रीनिवासन ने भी मुलाकात की।
    उल्लेखनीय है कि देश के प्रतिष्ठित आर्मी वार कॉलेज महू में प्रत्येक वर्ष बारह सौ भारतीय सेना तथा अर्धसैनिक बलों के अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके अतिरिक्त विदेशी सेनाओं के 100 सैन्य अधिकारी भी प्रत्येक वर्ष यहां से प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। आर्मी वॉर कॉलेज में सैन्य अधिकारियों के लिए हायर कमांड कोर्स, सीनियर तथा जूनियर कमांड कोर्स तथा डिफेंस मैनेजमेंट कोर्स संचालित किए जाते हैं।
    ………..0………….