Close

    07-03-2021 : राज्यपाल ने एम्स ऋषिकेश में आयोजित ‘स्त्री वरदान’ कार्यक्रम के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया।

    प्रकाशित तिथि: मार्च 8, 2021

    राजभवन देहरादून 07 मार्च, 2021

    राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने रविवार को एम्स ऋषिकेश में आयोजित ‘स्त्री वरदान’ कार्यक्रम के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। उल्लेखनीय है कि एम्स ऋषिकेश के गायनोकाॅलोजी विभाग की रिकंस्ट्रक्शन और काॅस्मेटिक सर्जरी यूनिट द्वारा स्त्री वरदान कार्यक्रम के अन्र्तगत महिलाओं की शारीरिक समस्याओं के उपचार एवं निदान का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत महिलाओं के तीन मुख्य निजी शारीरिक समस्याओं यूरीनरी इनकंटीनेंस, वेजाइनल लेक्सीटी तथा जेनिटल म्यूटिलेशन का निःशुल्क उपचार किया जायेगा। स्त्री वरदान से जुड़ने वाली विभिन्न संगठनों की महिला वालंटियर्स द्वारा राज्यभर में महिलाओं को उक्त समस्याओं के बारे में जागरूक किया जायेगा तथा उपचार के लिये प्रोत्साहित किया जायेगा।
    कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कहा कि महिलाओं को अपनी स्वास्थ्य सम्बन्धित समस्याओं के निदान हेतु चिकित्सकों से बिना झिझक या भय के सलाह लेनी चाहिये तथा उचित उपचार करवाना चाहिये। बहुत सी ऐसी समस्याऐं होती है जो महिलाएं झिझक एवं शर्म के कारण बता नही पाती या उनका उपचार उपलब्ध नही होता और वे मानसिक अवसाद का शिकार भी हो जाती है। राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कहा कि भारत में विशेषकर अशिक्षित एवं ग्रामीण महिलाओं में अपनी स्वास्थ्य समस्याओं एवं स्त्री रोगों के प्रति जागरूकता अपेक्षाकृत कम है। राज्यपाल ने कहा कि विभिन्न भ्रामक सामाजिक मान्यताओं के कारण भी महिलाएं अपनी स्वास्थ्य समस्याओं विशेषकर स्त्री रोगों के बारे में खुलकर बात नही कर पातीं। उनमें जानकारी का भी अभाव है। विभिन्न सामाजिक रूढ़ियां उन्हें स्वास्थ्य समस्याओं के चिकित्सीय उपचार हेतु प्रोत्साहित नही करती हैं।
    राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कहा कि महिला सशक्तीकरण एक समग्र सोच है। जिसमें आर्थिक, सामाजिक, राजनैतिक सशक्तीकरण के साथ-साथ शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य भी सम्मिलित है।
    इस अवसर पर एम्स ऋषिकेश के निदेशक डा0 रविकान्त ने कहा कि पन्द्रह वर्ष तक की बालिकाओं को सर्वाइकल तथा अन्य प्रकार के कैंसरों से बचाव हेतु एचपीवी टीकाकरण के लिये प्रोत्साहित किया जाना चाहिये।
    एम्स ऋषिकेश मेें रिकंस्ट्रक्शन और काॅस्मेटिक सर्जरी के प्रोजेक्ट डाइरेक्टर डा0 नवनीत मग्गों ने कहा कि महिलाओं को स्त्री रोगों के बारे में चुप्पी तोड़नी होगी। उन्हें अन्य लोगों को भी स्त्री रोगों के उपचार हेतु प्रोत्साहित करना चाहिये।
    स्वामी विजय कौशल ने कहा कि घर-परिवारों में बेटों तथा बेटियों के मध्य पोषण तथा स्वास्थ्य सेवाओं से सम्बन्धित भेदभाव नही किया जाना चाहिये।
    विधायक श्रीमती ऋतु खण्डूरी, दिव्य प्रेम सेवा मिशन से श्री आशीष गौतम, हंस फाउण्डेशन की संस्थापक माता मंगला जी, स्वामी अवधेशानन्द गिरी जी महाराज, महिला वालयंटियर्स, एम्स के पदाधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित थे।

    —-0—-