06-11-2026 : राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन से लोक भवन में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की।
लोक भवन सूचना परिसर, उत्तराखण्ड
प्रेस विज्ञप्ति
लोक भवन देहरादून 06 नवम्बर, 2026
राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन से शुक्रवार को लोक भवन में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को संगठन का राजकीय स्कार्फ पहनाया तथा फ्लैग स्टीकर लगाया। प्रतिनिधिमंडल ने संगठन की विभिन्न गतिविधियों एवं योजनाओं की जानकारी भी दी। उल्लेखनीय है कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा 7 नवम्बर को अपना 75वां स्थापना दिवस मनाया जा रहा है।
राज्यपाल ने संगठन के 75वें स्थापना दिवस पर सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं स्वयंसेवकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स बच्चों में अनुशासन, सेवा, नेतृत्व क्षमता और देशभक्ति की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिक से अधिक बच्चों को इस संगठन से जोड़ने के प्रयास किए जाने चाहिए।
राज्यपाल ने विद्यालयों में बच्चों को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार एवं बचाव कार्यों का प्रशिक्षण देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने आपदाओं एवं अन्य चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में स्काउट्स एवं गाइड्स के स्वयंसेवकों द्वारा किए जाने वाले सेवा एवं सहयोग कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर भारत स्काउट्स एंड गाइडस, उत्तराखण्ड की स्टेट अपर मुख्य आयुक्त श्रीमती वन्दना गर्ब्याल एवं स्टेट सेक्रेटरी श्री रविन्द्र मोहन काला सहित सदस्यगण श्री जगदीश प्रसाद काला, श्रीमती अंजली चंदोला, श्री अरूण राय, श्री राहुल प्रसाद रतूड़ी, सुश्री ईशा ठाकुर एवं सुश्री योगना उपस्थित रहे।
………..0……….