06-06-2025 : राज्यपाल ने बागेश्वर जिले के भ्रमण कार्यक्रम के तहत आज उत्तराखण्ड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कौसानी का दौरा किया।
राजभवन नैनीताल/बागेश्वर 06 जून, 2025
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने बागेश्वर जिले के भ्रमण कार्यक्रम के तहत आज उत्तराखण्ड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कौसानी का दौरा किया। प्राकृतिक सौंदर्य और हिमालय की दिव्यता से परिपूर्ण कौसानी पहुंचकर राज्यपाल ने इस अलौकिक स्थल में अद्भुत शांति, स्वच्छता और सुरम्यता का अनुभव किया।
राज्यपाल ने अनाशक्ति आश्रम का भी भ्रमण किया, जहां महात्मा गांधी ने 1929 में प्रवास के दौरान ‘‘अनाशक्ति योग’’ पुस्तक की रचना की थी। उन्होंने आश्रम में स्थित गांधी जी की स्मृतियों को नमन किया और आगंतुक पुस्तिका में अपने विचार भी अंकित किए। उन्होंने कहा कि कौसानी जैसे ऐतिहासिक और आध्यात्मिक स्थल हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक हैं, जिन्हें संरक्षित और संवर्धित करना हम सबका कर्तव्य है।
……….0……….