Close

    01-10-2021:राज्यपाल ने गांधी जयंती व शास्त्री जयंती की शुभकामनाएँ दी

    प्रकाशित तिथि: अक्टूबर 1, 2021

    राजभवन देहरादून 01 अक्टूबर, 2021

    राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल श्री गुरमीत सिंह (से नि) ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।
    अपने संदेश में राज्यपाल श्री गुरमीत सिंह ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य व अहिंसा के सिद्धांत हर दौर में प्रासंगिक रहेंगे। गांधी जी के विचारों ने भारत वर्ष ही नही संपूर्ण विश्व को सत्य और अहिंसा का मार्ग दिखाया है। गांधी जी के सर्वोदय, ग्राम स्वराज, छूआछूत को समाप्त करने, नशा मुक्ति व महिला सशक्तीकरण से संबंधित विचार आज पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो चुके हैं। गांधी जी के नेतृत्व में स्वाधीनता आन्दोलन न केवल देश को राजनीतिक आजादी दिलाने का संघर्ष था बल्कि एक सामाजिक, सांस्कृतिक व वैचारिक आजादी का संघर्ष भी था। राज्यपाल ने कहा कि महात्मा गांधी सामाजिक समरसता और सामाजिक समानता के पक्षधर थे। उन्होंने दूसरे के दर्द को महसूस करने वाले हृदय को ही सच्चा संत बताया।
    राज्यपाल श्री गुरमीत सिंह ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री को नमन् करते हुए कहा कि शास्त्री जी की सादगी, सरलता, देशभक्ति तथा ईमानदारी से भरा जीवन-आचरण, हम सभी के लिए प्रेरक है। ‘जय जवान-जय किसान’ के उनके उद्घोष ने पूरे देश में ऊर्जा व उत्साह का संचार किया था। उनके इस नारे के बाद 1965 के युद्ध में भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सेना को करारी शिकस्त दी थी।
    ……………..0…………..