27-11-2026 : 11वें राष्ट्रीय होम्योपैथिक सम्मेलन ”HOMCON–2026” के उद्घाटन समारोह में माननीय राज्यपाल, उत्तराखण्ड का उद्बोधन
मंचासीन अतिथिगण, माननीय आयुष मंत्री श्री मदन कौशिक जी, राष्ट्रीय होम्योपैथिक आयोग के सदस्य प्रो. आनन्द कुमार चतुर्वेदी जी, राष्ट्रीय होम्योपैथिक संगठनों के पदाधिकारीगण, देश के विभिन्न राज्यों से पधारे प्रख्यात चिकित्सकगण, शिक्षाविद्, शोधकर्ता, चिकित्सा विशेषज्ञ एवं मेरे प्रिय युवा साथियों!
देवभूमि उत्तराखण्ड की इस पुण्यधरा पर आयोजित 11वें राष्ट्रीय होम्योपैथिक सम्मेलन ‘HOMCON–2026’ के उद्घाटन अवसर पर आप सभी के मध्य उपस्थित होकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। मैं देश के विभिन्न भागों से पधारे सभी अतिथियों का हृदय से स्वागत एवं अभिनंदन करता हूँ। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सम्मेलन के आयोजन के लिए डॉ. हैनीमैन एजुकेशनल एंड डेवलपमेंट सोसाइटी तथा इंडियन सोसाइटी ऑफ होम्योपैथी के समस्त पदाधिकारियों एवं आयोजकों को हार्दिक बधाई देता हूँ।
देवियों एवं सज्जनों,
भारत की पहचान केवल उसकी भौगोलिक सीमाओं, सांस्कृतिक वैभव और आध्यात्मिक चेतना से ही नहीं, बल्कि उसकी समृद्ध ज्ञान-विज्ञान परंपरा से भी है। हमारे ऋषियों और मनीषियों ने मानव जीवन के सर्वांगीण कल्याण को अपनी साधना का केंद्र बनाया था। वेदों एवं उपनिषदों में मानव जीवन के समग्र कल्याण की उदात्त दृष्टि मिलती है, जबकि आयुर्वेद, चरक संहिता एवं सुश्रुत संहिता में स्वास्थ्य, आरोग्य, आहार-विहार और औषधि-विज्ञान का विस्तृत विवेचन मिलता है। भारतीय चिंतन में स्वास्थ्य को केवल रोगमुक्ति नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन तथा व्यक्ति, समाज और राष्ट्र की सामर्थ्य का आधार माना गया है।
हमारे प्राचीन चिंतन का उद्घोष है-
‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः।’
अर्थात् सभी सुखी हों, सभी निरोग हों। यह केवल मंगलकामना नहीं, बल्कि भारतीय जीवन-दर्शन में निहित लोककल्याण की उदात्त भावना है।
साथियों,
होम्योपैथी के विकास में जर्मनी के महान चिकित्सक डॉ. क्रिश्चियन फ्रेडरिक सैमुअल हैनीमैन का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने चिकित्सा के क्षेत्र में एक विशिष्ट पद्धति के विकास का मार्ग प्रशस्त किया। आज भारत सहित विश्व के अनेक देशों में होम्योपैथी ने चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में अपना स्थान बनाया है। भारत में भी इस पद्धति के शिक्षण, प्रशिक्षण, अनुसंधान एवं संस्थागत विकास की दिशा में निरंतर प्रयास हो रहे हैं।
यह प्रसन्नता का विषय है कि आप सभी इस सम्मेलन के माध्यम से होम्योपैथी की उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर विचार-विमर्श के लिए एकत्र हुए हैं। मेरा मानना है कि किसी भी चिकित्सा पद्धति की वास्तविक सार्थकता उसके वैज्ञानिक मूल्यांकन, सुरक्षा और रोगी के हित में निहित होती है। होम्योपैथी सहित प्रत्येक चिकित्सा पद्धति में उच्च गुणवत्ता वाले अनुसंधान को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। चिकित्सा संबंधी दावों का मूल्यांकन विश्वसनीय वैज्ञानिक प्रमाणों के आधार पर हो तथा रोगी की सुरक्षा सर्वाेपरि रहे। आवश्यकता पड़ने पर रोगी को उपयुक्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में कभी विलंब नहीं होना चाहिए।
देवियों एवं सज्जनों,
आज भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में स्वस्थ एवं समर्थ भारत का संकल्प राष्ट्रीय विकास की प्राथमिकताओं में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। आयुष चिकित्सा पद्धतियों के संरक्षण, संवर्धन और वैश्विक पहचान के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध, सोवा-रिग्पा एवं होम्योपैथी जैसी विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के बीच ज्ञान-विनिमय, स्वस्थ संवाद और परस्पर सहयोग को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। साथ ही, उपचार का चयन सदैव उपलब्ध वैज्ञानिक प्रमाणों, सुरक्षा तथा रोगी के सर्वाेत्तम हित को ध्यान में रखकर ही किया जाना चाहिए। स्वस्थ नागरिक ही समर्थ राष्ट्र की आधारशिला होते हैं। देश का प्रत्येक नागरिक स्वस्थ, जागरूक और ऊर्जावान होगा, तभी विकसित भारत का संकल्प साकार होगा।
प्रिय चिकित्सक साथियों,
इस सम्मेलन का मुख्य विषय है- ‘Inspiring the Next Generations of Homoeopaths’, अर्थात् होम्योपैथी की भावी पीढ़ी को प्रेरित करना। यह विषय भावी होम्योपैथिक चिकित्सकों को सक्षम, संवेदनशील, अनुसंधानशील एवं उत्तरदायी बनाने की आवश्यकता को रेखांकित करता है।
आज का युवा चिकित्सक केवल चिकित्सा ज्ञान का संवाहक नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने वाला राष्ट्रनिर्माता भी है। चिकित्सा का क्षेत्र केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि सेवा, संवेदना, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की साधना है। रोगी चिकित्सक के पास औषधि के साथ-साथ विश्वास और आशा लेकर भी आता है। उस विश्वास की रक्षा करना प्रत्येक चिकित्सक का परम दायित्व है।
मैं युवा चिकित्सकों से आग्रह करता हूँ कि वे निरंतर अध्ययन एवं अनुसंधान से स्वयं को जोड़े रखें, नवाचार को प्रोत्साहित करें तथा चिकित्सा के नैतिक मूल्यों का सदैव पालन करें।
ज्ञान में विनम्रता, कर्म में निष्ठा, आचरण में अनुशासन और जीवन में राष्ट्रसेवा का भाव- यही एक आदर्श चिकित्सक की वास्तविक पहचान होनी चाहिए।
मित्रों,
आज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी का युग है। एआई, डिजिटल स्वास्थ्य प्रणालियाँ, आधुनिक प्रयोगशालाएँ और अनुसंधान की नवीन तकनीकें चिकित्सा जगत में नई संभावनाओं के द्वार खोल रही हैं। हमें इनका उपयोग चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान, रोगियों के स्वास्थ्य-अभिलेखों के सुव्यवस्थित प्रबंधन तथा स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच का विस्तार करने के लिए करना चाहिए। विशेष रूप से हमारे पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में डिजिटल तकनीक स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने में सहायक हो सकती है।
साथ ही, चिकित्सा के मूल में मानवीय संवेदना बनी रहनी चाहिए। तकनीक कितनी भी उन्नत क्यों न हो जाए, वह चिकित्सक की करुणा, कर्तव्यबोध और मानवीय स्पर्श का स्थान नहीं ले सकती।
देवियों एवं सज्जनों,
उत्तराखण्ड की यह धरती प्राकृतिक संपदा, हिमालयी जैव विविधता, आध्यात्मिक चेतना और औषधीय वनस्पतियों की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है। यहाँ की प्राकृतिक विरासत और पारंपरिक ज्ञान में आरोग्य एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में अनेक संभावनाएँ निहित हैं।
राज्य में योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा, औषधीय पौधों के संरक्षण तथा आरोग्य पर्यटन के विकास की व्यापक संभावनाएँ हैं। आवश्यकता है कि हम अपनी इस अमूल्य विरासत को आधुनिक विज्ञान और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान से जोड़ें। स्थानीय वनौषधियों का वैज्ञानिक अध्ययन तथा पारंपरिक ज्ञान का प्रलेखन एवं संरक्षण किया जाए। पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए चिकित्सा संस्थानों एवं शोध संगठनों के बीच सहयोग बढ़ाया जाए।
मुझे विश्वास है कि सम्मेलन में सम्मिलित देश के प्रख्यात विशेषज्ञ उत्तराखण्ड में आयुष-आधारित स्वास्थ्य सेवाओं, अनुसंधान तथा आरोग्य पर्यटन के विकास की संभावनाओं पर भी सार्थक विचार-विमर्श करेंगे।
देवियों एवं बंधुओं,
हमारी महान सांस्कृतिक परंपरा हमें संगठन, अनुशासन, सामूहिकता और समर्पण का संदेश देती है। चिकित्सा जगत के सभी संगठनों, संस्थानों, विश्वविद्यालयों एवं शोधकर्ताओं को मानव कल्याण के साझा उद्देश्य के साथ आगे बढ़ना होगा।
मुझे विश्वास है कि HOMCON–2026 केवल विचार-विमर्श का मंच बनकर नहीं रहेगा, बल्कि यहाँ से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव भविष्य में ठोस कार्ययोजनाओं का आधार बनेंगे।
अंत में, मैं आप सभी का आह्वान करता हूँ कि चिकित्सा में उत्कृष्टता, मानवीय सेवा और राष्ट्रहित को अपने कार्यों का मूल आधार बनाएँ। आइए, हम सब मिलकर ऐसे समर्थ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण का संकल्प लें, जहाँ प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ सुलभ हों तथा विज्ञान एवं अनुसंधान मानवता के कल्याण के प्रभावी साधन बनें।
सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः।
इसी मंगलकामना के साथ मैं 11वें राष्ट्रीय होम्योपैथिक सम्मेलन ‘HOMCON–2026’ के सफल आयोजन की हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ।
वंदे मातरम्! भारत माता की जय!