26-11-2026:विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह-2026 के उपलक्ष्य में माननीय राज्यपाल महोदय का संबोधन
विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह-2026 के उपलक्ष्य में माननीय राज्यपाल महोदय का संबोधन
(तिथिः 26 नवम्बर, 2026)
नमस्कार,
कैबिनेट मंत्री, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग श्री सुबोध उनियाल जी, फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. मोंटू कुमार एम. पटेल जी, उपाध्यक्ष श्री जशुभाई एच. चौधरी जी, डॉ. शिवानंद पाटिल जी, डॉ. संजय तोष्णीवाल जी, प्रोफेसर डॉ. कपिल कालरा जी, फार्मेसी एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े सभी विशेषज्ञगण, प्राध्यापकगण, चिकित्सकगण, फार्मासिस्ट, शोधार्थी, विद्यार्थीगण एवं सम्मानित जनों!
विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम के लिए आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देता हूँ।
देवभूमि उत्तराखण्ड की इस पावन धरती पर स्वास्थ्य और फार्मेसी के क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और युवा विद्यार्थियों के बीच उपस्थित होकर मुझे प्रसन्नता हो रही है। इस वर्ष की थीम ‘स्वस्थ भारत: ब्वउइंजपदह ।दजपउपबतवइपंस त्मेपेजंदबमश् वर्तमान समय की एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती की ओर हमारा ध्यान आकर्षित करती है।
आज इस अवसर पर मुझे अपने चिकित्सकीय जीवन का वह दौर याद आ रहा है, जब मैंने मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के ग्रामीण अंचल में सेवाएँ दी थीं। वहाँ ग्रामीण समाज की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं, आर्थिक परिस्थितियों और चिकित्सा सुविधाओं से जुड़ी चुनौतियों को करीब से समझने का अवसर मिला। इन अनुभवों ने मुझे सिखाया कि मरीज और उसके परिवार के लिए समय पर सही उपचार, उचित दवा और उसके उपयोग की सही जानकारी कितनी महत्वपूर्ण होती है।
स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्ट का योगदान इसी दृष्टि से अत्यंत अहम है। फार्मासिस्ट मरीज और चिकित्सा व्यवस्था के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। दवा की सही जानकारी, उचित खुराक, उसे लेने का समय और आवश्यक सावधानियों के बारे में मरीज को समझाना उपचार की गुणवत्ता और उसकी सुरक्षा से सीधे जुड़ा है, क्योंकि दवा तभी असरदार है, जब उसका उपयोग सही जानकारी और चिकित्सकीय सलाह के साथ हो।
चिकित्सा विज्ञान ने एंटीबायोटिक्स और अन्य रोगाणुरोधी दवाओं के माध्यम से अनेक गंभीर संक्रमणों का उपचार संभव बनाया है। आज इन जीवनरक्षक दवाओं की प्रभावशीलता बनाए रखना एक बड़ी चुनौती है, जिसका प्रमुख कारण एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस अर्थात रोगाणुरोधी प्रतिरोध है। जब सूक्ष्मजीव दवाओं के प्रति प्रतिरोध विकसित कर लेते हैं, तो संक्रमण का उपचार कठिन हो जाता है और उपलब्ध दवाओं के विकल्प सीमित हो सकते हैं।
बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक लेना, वायरल संक्रमण में इनका अनावश्यक उपयोग तथा निर्धारित खुराक और उपचार अवधि का पालन न करना इस समस्या के प्रमुख कारण हैं। आम लोगों को यह समझना आवश्यक है कि प्रत्येक बुखार, सर्दी-जुकाम या वायरल संक्रमण में एंटीबायोटिक की आवश्यकता नहीं होती।
मैं विशेष रूप से फार्मासिस्ट समुदाय का ध्यान इस ओर आकर्षित करना चाहूँगा। नागरिकों से आपके सीधे संपर्क के कारण एंटीबायोटिक्स के विवेकपूर्ण उपयोग, स्वयं दवा लेने के नुकसान और निर्धारित उपचार का पालन करने के प्रति जागरूकता बढ़ाने में आपकी अहम भागीदारी है। दवा की सही खुराक, संभावित दुष्प्रभाव और अन्य दवाओं के साथ उसकी प्रतिक्रिया की जानकारी देना भी मरीज की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।
एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस से निपटने के लिए भारत सरकार ने राष्ट्रीय रोगाणुरोधी प्रतिरोध कार्ययोजना के माध्यम से जागरूकता, शिक्षा एवं प्रशिक्षण, प्रयोगशालाओं की क्षमता बढ़ाने और संक्रमण नियंत्रण को महत्व दिया है। इस दिशा में ‘वन हेल्थ’ दृष्टिकोण भी महत्वपूर्ण है, जिसमें मानव स्वास्थ्य, पशु स्वास्थ्य और पर्यावरण को परस्पर जुड़ा हुआ माना गया है। इसलिए पशुपालन एवं कृषि में दवाओं का विवेकपूर्ण उपयोग और औषधीय अपशिष्ट का सुरक्षित निस्तारण भी आवश्यक है। स्वच्छता, हाथों की नियमित सफाई, सुरक्षित पेयजल और टीकाकरण जैसी गतिविधियाँ संक्रमण के प्रसार को रोकने में सहायक हैं।
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच और गुणवत्ता बढ़ाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से पात्र परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएँ तथा प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना से गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाएँ किफायती कीमतों पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। जनऔषधि केंद्रों के माध्यम से परिवारों को उपचार के खर्च में राहत मिल रही है और जेनेरिक दवाओं के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है।
प्रधानमंत्री जी ने आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के माध्यम से डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था को भी विशेष महत्व दिया है। स्वास्थ्य संबंधी डिजिटल रिकॉर्ड और सूचनाओं का बेहतर उपयोग भविष्य में चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने में सहायक होगा।
स्वस्थ नागरिक किसी भी विकसित राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में स्वास्थ्य, पोषण, चिकित्सा शिक्षा, औषधि अनुसंधान और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का विशेष स्थान है। इसके लिए चिकित्सकों, फार्मासिस्टों, वैज्ञानिकों और शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार विशेष महत्व रखता है। केन्द्र और राज्य सरकार मिलकर दूरस्थ क्षेत्रों तक चिकित्सा सुविधाएँ और आवश्यक दवाएँ पहुँचाने के लिए स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत बना रही है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पतालों में फार्मासिस्ट अपनी विशेषज्ञता और सेवाभाव से स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बना रहे हैं। दवाओं की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण और उनके उचित उपयोग की जानकारी देकर वे स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने में योगदान दे रहे हैं।
उत्तराखण्ड की समृद्ध जैव विविधता और औषधीय एवं सुगंधित वनस्पतियाँ फार्मेसी तथा औषधि अनुसंधान के क्षेत्र में अपार संभावनाएँ रखती हैं। राज्य के विश्वविद्यालयों और फार्मेसी संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यावहारिक प्रशिक्षण और अनुसंधान को प्रोत्साहन मिल रहा है। औषधीय पौधों के वैज्ञानिक अध्ययन, गुणवत्ता परीक्षण और सुरक्षित प्रसंस्करण में विश्वविद्यालयों, अनुसंधान संस्थानों और औषधि उद्योग के सहयोग से उत्तराखण्ड अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर सकता है।
आज फार्मेसी का क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है। नई औषधियों का विकास, औषधि निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण, फार्माकोविजिलेंस, जैव प्रौद्योगिकी और डिजिटल स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए अनेक संभावनाएँ हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीकों के बढ़ते उपयोग के साथ विद्यार्थियों को चिकित्सा संबंधी जानकारी की गोपनीयता, मरीज की सुरक्षा और व्यावसायिक नैतिकता का भी ध्यान रखना चाहिए।
मैं विशेष रूप से फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के कार्यों का उल्लेख करना चाहूँगा। फार्मेसी एक्ट के अंतर्गत गठित यह वैधानिक संस्था देश में फार्मेसी शिक्षा और व्यवसाय के नियमन, शिक्षण संस्थानों के पाठ्यक्रमों के अनुमोदन तथा शिक्षा के मानक सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कार्य कर रही है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही कुशल और जिम्मेदार फार्मासिस्ट तैयार होंगे।
यहाँ उपस्थित फार्मेसी के युवा विद्यार्थियों से मैं कहना चाहूँगा कि आप अपने कार्यक्षेत्र को मानव सेवा से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के रूप में देखें। मरीज की बात ध्यान से सुनना, उसकी समस्या समझना और उसे सही जानकारी देना स्वास्थ्य सेवा का अभिन्न हिस्सा है। अपने ज्ञान को निरंतर विकसित करें, चिकित्सा विज्ञान के नए बदलावों का अध्ययन करें और अपने कार्य में अनुशासन, ईमानदारी एवं संवेदनशीलता बनाए रखें। आपका एक जिम्मेदार निर्णय किसी मरीज और उसके परिवार के लिए बड़ी राहत का कारण बन सकता है।
मुझे विश्वास है कि इस तरह के आयोजन फार्मेसी शिक्षा, औषधि अनुसंधान और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में सार्थक योगदान देंगे।
आइए, हम सभी मिलकर ऐसी स्वास्थ्य व्यवस्था के निर्माण में योगदान दें, जिसमें प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध हों। दवाओं का विवेकपूर्ण उपयोग हमारी आदत बने और एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जैसी गंभीर चुनौती का सामना करने के लिए हम सभी अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाएँ।
वंदे मातरम्! भारत माता की जय!