21-11-2026:‘राष्ट्र समर्थ एवं सशक्त कैसे बनें’ विषय पर आयोजित समारोह में माननीय राज्यपाल का उद्बोधन
‘राष्ट्र समर्थ एवं सशक्त कैसे बनें’ विषय पर आयोजित समारोह में माननीय राज्यपाल का उद्बोधन
(तिथिः 21 नवम्बर, 2026)
परम पूज्य संत-महात्मागण, अखिल विश्व गायत्री परिवार के आदरणीय प्रतिनिधिगण, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पण्ड्या जी, मंचासीन विशिष्ट अतिथिगण, विद्वज्जन, मातृशक्ति एवं मेरे प्रिय युवा साथियों!
आज देवभूमि उत्तराखण्ड की इस पावन धरा पर, माँ गंगा के पवित्र सान्निध्य में, देव संस्कृति विश्वविद्यालय एवं शांतिकुंज के इस आध्यात्मिक परिसर में उपस्थित होना मेरे लिए अत्यंत हर्ष एवं सौभाग्य का विषय है।
परम पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी की साधना के 100 वर्ष पूर्ण होने, अखंड ज्योति के अवतरण की शताब्दी तथा परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी के जन्मशताब्दी वर्ष का यह पावन अवसर आध्यात्मिक चेतना और लोकमंगल की महान प्रेरणाओं का संगम है।
गुरुदेव की युगदृष्टा विचारधारा, अखंड ज्योति का अविराम प्रकाश और माताजी के त्याग, सेवा एवं नारी जागरण के आदर्श हमें श्रेष्ठ जीवन तथा मानव कल्याण के लिए समर्पित होने की प्रेरणा देते हैं। किसी महान व्यक्तित्व की स्मृति तभी सार्थक होती है, जब उसके विचार हमारे आचरण का हिस्सा बनें और आने वाली पीढ़ियों को दिशा दें।
साथियों,
आज हमारे समक्ष एक महत्वपूर्ण प्रश्न है-राष्ट्र समर्थ एवं सशक्त कैसे बने? किसी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति केवल उसकी आर्थिक समृद्धि, आधुनिक प्रौद्योगिकी अथवा सामरिक सामथ्र्य में नहीं, बल्कि उसके नागरिकों के चरित्र, संस्कार, नैतिकता, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण में निहित होती है। श्रेष्ठ चिंतन, शुद्ध आचरण और लोकमंगल के लिए समर्पित कर्म ही समर्थ राष्ट्र की सुदृढ़ आधारशिला हैं।
हमारी सनातन संस्कृति ने संपूर्ण विश्व को एक परिवार मानने का उदात्त संदेश दिया है। ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ और ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ के आदर्श हमारी सांस्कृतिक चेतना के मूल आधार हैं। हमारे ऋषियों की प्रार्थना रही है-
“सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः।
सर्वे भद्राणि पश्यन्तु, मा कश्चिद् दुःखभाग्भवेत्॥”
यह संपूर्ण मानवता के कल्याण, शांति और सह-अस्तित्व का शाश्वत संदेश है। आज जब विश्व संघर्षों, वैचारिक मतभेदों और पर्यावरणीय चुनौतियों से जूझ रहा है, तब करुणा और सद्भाव पर आधारित भारतीय चिंतन की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है।
राष्ट्र निर्माण में नारी शक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमारी संस्कृति में नारी को शक्ति, सृजन और संस्कार की अधिष्ठात्री माना गया है। उपनिषदों में विदुषी गार्गी और मैत्रेयी जैसी महान नारियों का उल्लेख भारतीय ज्ञान परंपरा में नारी की प्रतिष्ठा का प्रमाण है। परम वंदनीया माताजी ने अपने जीवन और कार्यों से नारी जागरण तथा मातृशक्ति के सम्मान का प्रेरणादायी आदर्श प्रस्तुत किया।
गायत्री परिवार द्वारा कन्या कौशल शिविरों के माध्यम से बालिकाओं के व्यक्तित्व विकास, कौशल संवर्धन और आत्मविश्वास के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। बेटियों को शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाना केवल उनके भविष्य को संवारना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों और राष्ट्र को सशक्त करना है।
सत्य, करुणा, सेवा, ईमानदारी, परोपकार और कर्तव्यनिष्ठा जैसे मानवीय मूल्य किसी भी समाज की वास्तविक पूँजी हैं। आज आवश्यकता ऐसे नागरिकों के निर्माण की है, जिनमें ज्ञान के साथ विवेक, सफलता के साथ संवेदना और अधिकारों के साथ कर्तव्यों का बोध हो। व्यक्ति में आत्मानुशासन तथा समाज में परस्पर सम्मान और समरसता का भाव विकसित होगा, तभी संस्कारित एवं सुदृढ़ समाज की स्थापना संभव होगी।
मेरा विश्वास है कि युवा शक्ति राष्ट्र के परिवर्तन की सबसे बड़ी संवाहक है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार और संकल्पशक्ति को सही दिशा देना समय की आवश्यकता है। हमारी युवा पीढ़ी आधुनिक विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं अनुसंधान में अग्रणी बनने के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों और नैतिक मूल्यों से भी जुड़ी रहे।
गायत्री परिवार के नशामुक्ति अभियान एवं सामाजिक जागरण के प्रयास भी विशेष प्रशंसा के पात्र हैं। नशे की प्रवृत्ति व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ परिवार की शांति और युवाओं के भविष्य को प्रभावित करती है। उत्तराखण्ड की युवा शक्ति को शिक्षा, कौशल, खेल, सेवा और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
अखिल विश्व गायत्री परिवार ने आध्यात्मिक चेतना को सामाजिक उत्तरदायित्व और जनभागीदारी से जोड़ने का उल्लेखनीय कार्य किया है। ‘भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के माध्यम से लगभग 62 लाख विद्यार्थियों तक भारतीय संस्कृति एवं जीवन-मूल्यों का संदेश पहुँचाना, देशभर में 20 हजार से अधिक बाल संस्कारशालाओं का संचालन तथा 500 से अधिक विद्यालयों में संस्कार आधारित गतिविधियों द्वारा बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण का प्रयास अत्यंत सराहनीय है।’ ये उपलब्धियाँ प्रमाणित करती हैं कि शिक्षा के साथ संस्कारों का समन्वय ही श्रेष्ठ नागरिकों के निर्माण का आधार है।
देव संस्कृति विश्वविद्यालय भारतीय ज्ञान परंपरा, योग, संस्कृति और अध्यात्म को आधुनिक ज्ञान-विज्ञान से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। डॉ. चिन्मय पण्ड्या जी के नेतृत्व में विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा, युवा सहभागिता, सांस्कृतिक संवाद और वैश्विक विमर्श के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास प्रशंसनीय हैं। आज कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आधुनिक प्रौद्योगिकी के युग में वैज्ञानिक प्रगति के साथ मानवीय संवेदना, नैतिक विवेक और सामाजिक उत्तरदायित्व का समन्वय आवश्यक है, ताकि तकनीक का उपयोग मानव कल्याण के लिए किया जा सके।
आज भारत माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प की ओर अग्रसर है। आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छ भारत, डिजिटल भारत, नारी-शक्ति के नेतृत्व में विकास तथा युवा शक्ति के सशक्तीकरण के प्रयास इस संकल्प को नई गति प्रदान कर रहे हैं। विकसित भारत का निर्माण प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता और राष्ट्रसमर्पण से ही संभव होगा। इसके लिए भौतिक प्रगति के साथ नैतिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक उन्नति भी आवश्यक है।
देवभूमि उत्तराखण्ड अपनी समृद्ध आध्यात्मिक विरासत, सांस्कृतिक परंपराओं और कर्मठ जनशक्ति के बल पर इस राष्ट्रीय संकल्प में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। ऋषियों एवं मुनियों की तपस्थली रही इस भूमि पर शांतिकुंज और देव संस्कृति विश्वविद्यालय जैसी संस्थाएँ प्राचीन ज्ञान एवं आधुनिक आवश्यकताओं के बीच सेतु बनकर नई पीढ़ी को संस्कार, सेवा और साधना की प्रेरणा दे रही हैं।
साथियों,
आज के इस पावन आयोजन का विशेष आकर्षण दीप महायज्ञ है। भारतीय संस्कृति में यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं, बल्कि त्याग, सहयोग, समर्पण और लोकमंगल की महान जीवन-दृष्टि का प्रतीक है। यज्ञ की प्रत्येक आहुति हमें स्वार्थ और अहंकार से ऊपर उठकर समाज एवं राष्ट्र के हित में योगदान देने की प्रेरणा देती है। अनेक दीपकों का सामूहिक प्रकाश भी एकता, सद्भाव और सामूहिक संकल्प का प्रतीक है। प्रत्येक व्यक्ति का श्रेष्ठ विचार और सत्कर्म समाज एवं राष्ट्र में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है।
इस पावन अवसर पर हम अपने जीवन से स्वार्थ, अहंकार, कटुता और संकीर्णता का त्याग कर सेवा, सद्भाव, सहयोग और समर्पण के मूल्यों को अपनाने का संकल्प लें। अपने परिवारों को संस्कारवान बनाएँ, समाज में समरसता सुदृढ़ करें तथा मातृशक्ति और युवाओं को राष्ट्र एवं मानवता की सेवा के लिए प्रेरित करें।
अंत में, मैं परम पूज्य गुरुदेव एवं परम वंदनीया माताजी के चरणों में श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए अखिल विश्व गायत्री परिवार, डॉ. चिन्मय पण्ड्या जी तथा इस आयोजन को सफल बनाने वाले सभी परिजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देता हूँ।
मेरी कामना है कि अखंड ज्योति का प्रकाश प्रत्येक हृदय में सद्बुद्धि, प्रत्येक परिवार में संस्कार और प्रत्येक नागरिक के जीवन में सेवा, सद्भाव एवं राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करे।
आइए, हम सब मिलकर ऐसे भारत के निर्माण में सहभागी बनें, जो ज्ञान में श्रेष्ठ, विज्ञान में अग्रणी, संस्कारों में समृद्ध, सामथ्र्य में सशक्त और विश्व कल्याण के प्रति समर्पित हो।
यही समर्थ भारत का आधार है, यही सशक्त राष्ट्र की पहचान है और यही ‘विकसित भारत 2047’ का हमारा सामूहिक संकल्प है।
वन्दे मातरम्!
भारत माता की जय!
जय हिन्द!