19-11-2026 : ‘स्टेम (STEM) में महिला सहभागिता एवं सशक्तीकरण विषयक कार्यशाला’ के उद्घाटन अवसर पर माननीय राज्यपाल, उत्तराखण्ड का उद्बोधन
कार्यक्रम में उपस्थित उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत जी, वीर माधो सिंह भण्डारी उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) तृप्ता ठाकुर जी, आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के.के. पंत जी, सेतु आयोग के प्रतिनिधिगण, वरिष्ठ अधिकारीगण, शिक्षाविद्, वैज्ञानिक, शोधार्थी, महिला उद्यमी, देवियो एवं सज्जनों!
इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में आप सभी के मध्य उपस्थित होकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी एवं गणित के क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस पहल के लिए वीर माधो सिंह भण्डारी उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, आईआईटी रुड़की, सेतु आयोग एवं सभी आयोजकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देता हूँ।
‘सशक्त बनें, सहभागिता करें और उत्कृष्टता प्राप्त करें’-इस कार्यशाला का ध्येय-वाक्य एक व्यापक दृष्टिकोण और प्रेरणादायी संकल्प को अभिव्यक्त करता है।
साथियों,
भारत की सनातन संस्कृति में नारी को शक्ति, ज्ञान, सृजन और समृद्धि का आधार माना गया है। माँ सरस्वती ज्ञान की, माँ लक्ष्मी समृद्धि की और माँ दुर्गा शक्ति एवं सामर्थ्य की प्रतीक हैं। नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण की भी प्रमुख शक्ति है। जब महिलाओं को समान अवसर, सम्मान और स्वावलंबन मिलता है, तब समाज की प्रगति अधिक व्यापक एवं स्थायी बनती है।
आज विज्ञान और प्रौद्योगिकी मानव जीवन के प्रत्येक क्षेत्र को नई दिशा दे रहे हैं। एआई, रोबोटिक्स, जैव प्रौद्योगिकी, क्वांटम कंप्यूटिंग और डिजिटल तकनीक भविष्य की आर्थिक एवं सामाजिक संरचना को प्रभावित करने वाले क्षेत्र हैं। ऐसे में महिलाओं की प्रतिभा एवं दृष्टिकोण को इन क्षेत्रों से जोड़ना केवल समानता का प्रश्न नहीं, बल्कि राष्ट्र की वैज्ञानिक क्षमता और विकास की आवश्यकता भी है।
आज का नया भारत अपनी बेटियों की असाधारण उपलब्धियों पर गर्व करता है। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी सहित अंतरिक्ष वैज्ञानिकों, चिकित्सकों, शिक्षाविदों, प्रशासनिक अधिकारियों और उद्यमियों ने प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा एवं नेतृत्व का परिचय दिया है। चंद्रयान-3 एवं आदित्य एल-1 अभियानों में महिला वैज्ञानिकों की महत्वपूर्ण भूमिका, भारतीय वायुसेना की महिला लड़ाकू विमान चालकों की उपलब्धियाँ तथा खेल जगत में मनु भाकर के पेरिस ओलंपिक में दो पदक और अवनि लेखरा के पैरालंपिक में दो पदक हमारी बेटियों के साहस, प्रतिभा एवं संकल्प के प्रेरक उदाहरण हैं।
शिक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय परिवर्तन हुआ है। ैज्म्ड विषयों में उच्च शिक्षा के कुल नामांकन में छात्राओं की भागीदारी 44 प्रतिशत तक पहुँचना इस परिवर्तन का सशक्त प्रमाण हैं।
‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने में विकसित उत्तराखण्ड का निर्माण और उसमें नारी शक्ति की नेतृत्वकारी भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण की अवधारणा अब महिला-नेतृत्व वाले विकास के व्यापक संकल्प में परिवर्तित हुई है। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, ‘स्टार्टअप इंडिया’ और ‘लखपति दीदी’ जैसी पहलें महिलाओं को शिक्षा, उद्यमिता एवं आर्थिक स्वावलंबन से जोड़ रही हैं।
हमारा सर्वाेपरि ध्येय ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण होना चाहिए। विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में हमारी उपलब्धियाँ केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित न रहें, बल्कि भारत को ज्ञान-विज्ञान, संस्कृति, नैतिक मूल्यों और मानवीय नेतृत्व के आधार पर विश्वगुरु के रूप में प्रतिष्ठित करने का मार्ग प्रशस्त करें। इस राष्ट्रीय संकल्प की सिद्धि में हमारी युवा शक्ति और नारी शक्ति की निर्णायक भूमिका होगी।
महिलाओं की ैज्म्ड में भागीदारी केवल उच्च शिक्षा में प्रवेश तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसका विस्तार विद्यालय स्तर से लेकर उच्च शिक्षा, अनुसंधान, उद्योग, रोजगार, उद्यमिता और नेतृत्व तक होना चाहिए। बालिकाओं में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा विद्यालय स्तर से ही विकसित होनी चाहिए। प्रयोगशालाओं, वैज्ञानिक गतिविधियों, तकनीकी प्रशिक्षण और योग्य मार्गदर्शकों के माध्यम से उन्हें अपनी प्रतिभा विकसित करने के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। उच्च शिक्षा में छात्राओं को शोध परियोजनाओं, नवाचार, इंटर्नशिप और उद्यमिता से जोड़ना भी आवश्यक है।
उत्तराखण्ड के संदर्भ में यह विषय और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। हमारा प्रदेश जैव विविधता, जल एवं वन संपदा, औषधीय वनस्पतियों और पारम्परिक ज्ञान से समृद्ध है। कृषि, बागवानी, स्वास्थ्य सेवाओं, डिजिटल शिक्षा, जल संरक्षण, आपदा प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में विज्ञान और तकनीकी नवाचार की व्यापक संभावनाएँ हैं। स्थानीय महिलाओं के पारम्परिक ज्ञान एवं अनुभव को आधुनिक अनुसंधान से जोड़कर स्थानीय समस्याओं के समाधान और रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं।
इसी दिशा में आज की कार्यशाला का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य उत्तराखण्ड में महिला ैज्म्ड सहभागिता पर श्वेत पत्र तैयार करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है। आईआईटी रुड़की द्वारा राज्य सहायता मिशन के अंतर्गत तथा सेतु आयोग के मार्गदर्शन में किया जा रहा यह अध्ययन महिलाओं की वर्तमान भागीदारी, चुनौतियों और संभावनाओं को समझने तथा राज्य की भावी नीतियों एवं कार्ययोजना को दिशा देने में महत्वपूर्ण सिद्ध होगा। मेरा विश्वास है कि इस कार्यशाला में प्राप्त सुझाव ठोस परिणामों का आधार बनेंगे।
प्रदेश के सभी राजकीय, निजी एवं तकनीकी विश्वविद्यालयों को शिक्षा के साथ-साथ अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास और उद्यमिता के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित होना चाहिए। उभरते तकनीकी क्षेत्रों में छात्राओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए विशेष अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए। मैं अपेक्षा करता हूँ कि प्रदेश के विश्वविद्यालय महिला विद्यार्थियों एवं शोधकर्ताओं को उद्योगों, वैज्ञानिक संस्थानों और नवाचार केंद्रों से जोड़कर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं अनुसंधान के नए अवसर उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।
मित्रों,
आज के आयोजन का एक अन्य महत्वपूर्ण पक्ष ‘नशा मुक्त भारत ऐप हैकाथॉन’ का शुभारंभ है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में सुरक्षा बलों के अदम्य साहस, समर्पण और राष्ट्र के सामूहिक संकल्प से नक्सलवाद के विरुद्ध दशकों पुरानी लड़ाई में मिली सफलता हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। अब प्रधानमंत्री जी ने ‘नशामुक्त भारत अभियान’ को सफल बनाने के लिए सभी देशवासियों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया है।
मैं भी आप सभी से आग्रह करता हूँ कि इस राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में अपना योगदान दें। विशेषकर युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और सामर्थ्य को नशे से बचाकर राष्ट्र निर्माण में लगाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। मुझे विश्वास है कि यह हैकाथॉन युवाओं के नवाचार एवं तकनीकी सामर्थ्य से नशे के विरुद्ध जागरूकता, परामर्श और सहायता के प्रभावी डिजिटल समाधान विकसित करने में सहायक होगा।
प्रिय छात्राओं एवं युवा साथियों,
अपने सपनों को सीमित मत कीजिए। जिज्ञासु बनिए, प्रश्न पूछिए, प्रयोग कीजिए और निरंतर सीखते रहिए। चुनौतियों को अवसरों में बदलिए। ऐसा अनुसंधान कीजिए, जिससे लोगों के जीवन में सुधार आए; ऐसे नवाचार विकसित कीजिए, जो हमारे प्रदेश की समस्याओं का समाधान करें और ऐसे उद्यम स्थापित कीजिए, जो रोजगार के नए अवसर उत्पन्न करें। आपकी सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
आइए, हम सब मिलकर ऐसा उत्तराखण्ड और ऐसा भारत बनाने का संकल्प लें, जहाँ प्रत्येक बेटी को अपनी प्रतिभा विकसित करने का अवसर मिले, प्रत्येक महिला को सम्मान और स्वावलंबन प्राप्त हो तथा विज्ञान एवं तकनीक का उपयोग समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए हो।
जब नारी को अवसर और सम्मान मिलता है, तो समाज सशक्त होता है; जब युवा को सही दिशा मिलती है, तो राष्ट्र का भविष्य उज्ज्वल होता है और जब विज्ञान के साथ मानवीय संवेदना जुड़ती है, तब विकास जनकल्याण का माध्यम बनता है।
इसी विश्वास के साथ मैं इस कार्यशाला की सफलता की कामना करता हूँ तथा सभी आयोजकों एवं प्रतिभागियों को हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ।
वन्दे मातरम्! भारत माता की जय!