Close

    18-11-2026 : उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के एकादश दीक्षांत समारोह में माननीय राज्यपाल, उत्तराखण्ड का उद्बोधन।

    प्रकाशित तिथि : नवम्बर 18, 2026

    आदरणीय उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत जी, राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष प्रोफेसर नागेश्वर राव जी, उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नवीन चन्द्र लोहनी जी, विश्वविद्यालय के कुलसचिव, प्राध्यापकगण, अधिकारीगण, शिक्षाविद्, उपाधि एवं पदक प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थी, अभिभावकगण तथा उपस्थित देवियों और सज्जनों! आप सभी को मेरा सादर अभिवादन!

    उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के एकादश दीक्षांत समारोह के इस गरिमामय अवसर पर आप सभी के बीच उपस्थित होकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। सर्वप्रथम, मैं उपाधि एवं पदक प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएँ देता हूँ। आज का दिन आपके जीवन में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि का प्रतीक है। यह आपके परिश्रम, अनुशासन, धैर्य और संकल्प की सार्थक परिणति है।

    दीक्षांत समारोह केवल शैक्षणिक उपाधि प्राप्त करने का अवसर नहीं है, बल्कि जीवन में एक नई जिम्मेदारी के आरम्भ का भी प्रतीक है। आज आप अपने अर्जित ज्ञान और कौशल के साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की दिशा में अग्रसर हो रहे हैं।

    हमारी भारतीय ज्ञान परंपरा में ज्ञान को सर्वाेच्च स्थान दिया गया है। श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं-

    “न हि ज्ञानेन सदृशं पवित्रमिह विद्यते।”

    अर्थात् इस संसार में ज्ञान के समान पवित्र और श्रेष्ठ कुछ भी नहीं है। ज्ञान ही मनुष्य को विवेकवान बनाता है, उसके विचारों को परिष्कृत करता है और उसे सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। इसलिए शिक्षा का उद्देश्य केवल उपाधि प्राप्त करना नहीं, बल्कि व्यक्ति के चरित्र, चिंतन और व्यवहार को श्रेष्ठ बनाना भी है।

    मुझे प्रसन्नता है कि उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय ने मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से उच्च शिक्षा को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुँचाने का सराहनीय कार्य किया है। विशेषकर पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों के विद्यार्थियों, महिलाओं, कामकाजी व्यक्तियों, सैनिकों और शिक्षा से वंचित वर्गों के लिए उच्च शिक्षा के नए अवसर सृजित किए हैं। यह शिक्षा के लोकतंत्रीकरण, सामाजिक समावेशन और समान अवसरों की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

    विश्वविद्यालय द्वारा आठ गाँवों को गोद लेकर वहाँ सामाजिक विकास के कार्यों में सहभागिता, एक लाख से अधिक पुस्तकों का निःशुल्क वितरण, सामुदायिक रेडियो ‘हैलो हल्द्वानी 9.2 एफएम’, ‘फिन बोध’ अनुप्रयोग, ‘उत्तरा वाणी’ तथा ‘ज्ञान कोष’ जैसी पहलें सराहनीय हैं। इसके साथ ही सैनिकों तथा कारागारों में निरुद्ध व्यक्तियों तक उच्च शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित करने के प्रयास विश्वविद्यालय की समावेशी एवं सामाजिक प्रतिबद्धता को और अधिक सार्थक बनाते हैं।

    मेरा मानना है कि किसी भी विश्वविद्यालय की वास्तविक पहचान केवल उसके भवनों और परिसरों से नहीं, बल्कि उसके ज्ञान-सृजन, अनुसंधान, नवाचार और समाज के प्रति योगदान से होती है। विश्वविद्यालयों को शिक्षा के साथ-साथ अनुसंधान- आधारित चिंतन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की संस्कृति को भी प्रोत्साहित करना चाहिए। विद्यार्थियों में प्रश्न पूछने, नई संभावनाएँ तलाशने और समस्याओं के समाधान खोजने की प्रवृत्ति विकसित करना आवश्यक है।

    आज का युग तीव्र तकनीकी परिवर्तन का युग है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल तकनीक, स्वचालन और अन्य नवीन तकनीकें शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग तथा प्रशासन के स्वरूप को बदल रहे हैं। ऐसे समय में हमें नवीनतम तकनीकों के अनुरूप अपने ज्ञान, कौशल और कार्यक्षमता का निरंतर विकास करना होगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित करना होगा कि तकनीकी प्रगति मानवीय विवेक, नैतिकता और संवेदनशीलता के अनुरूप हो। राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 भी विद्यार्थियों में ज्ञान, कौशल, रचनात्मकता और समग्र व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करने पर बल देती है।

    प्रिय विद्यार्थियों,

    आज का नया भारत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। यह संकल्प केवल आर्थिक समृद्धि तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भरता, नवाचार, सामाजिक समरसता, सुशासन और प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन से जुड़ा हुआ है। यह संकल्प तभी साकार होगा, जब देश का प्रत्येक युवा अपने ज्ञान, कौशल, नवाचार और कर्तव्यनिष्ठा से राष्ट्र की विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाएगा।

    राष्ट्र निर्माण प्रत्येक नागरिक का पवित्र कर्तव्य है। प्रत्येक व्यक्ति का ईमानदार आचरण, परिश्रम, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा ही राष्ट्र की सामूहिक शक्ति एवं प्रगति का आधार बनते हैं। हमें सदैव यह स्मरण रखना चाहिए कि राष्ट्र प्रथम, राष्ट्र सर्वाेपरि का भाव हमारे विचारों, निर्णयों और कार्यों में परिलक्षित होना चाहिए। अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ हमें अपने संवैधानिक कर्तव्यों का भी निष्ठापूर्वक पालन करना चाहिए।

    प्रिय युवा साथियों,

    नशा युवा शक्ति, पारिवारिक खुशहाली और समाज की प्रगति के लिए गंभीर चुनौती है। उत्तराखण्ड की युवा शक्ति हमारी सबसे बड़ी सामर्थ्य है। मेरा आप सभी से आह्वान है कि नशे को दृढ़ता से नकारें, स्वयं नशामुक्त रहें और अपने साथियों को भी इस बुराई से बचाने के लिए आगे आएँ। हम संकल्प लें कि हमारी ऊर्जा और सामर्थ्य नशे में नहीं, राष्ट्र निर्माण में लगेगी। नशामुक्त उत्तराखण्ड से नशामुक्त भारत और विकसित भारत-2047 के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा।

    उत्तराखण्ड की विकास यात्रा में युवाओं की भूमिका निर्णायक है। पलायन की चुनौती का समाधान स्थानीय स्तर पर शिक्षा, कौशल और रोजगार के अवसर सृजित करने में निहित है। पर्यटन, होमस्टे, जैविक कृषि, उद्यानिकी, योग, आयुर्वेद, सगंध खेती और स्थानीय उत्पादों में अपार संभावनाएँ हैं। विश्वविद्यालय से अपेक्षा है कि वह इन क्षेत्रों में अनुसंधान, कौशल विकास और उद्यमिता को प्रोत्साहित कर युवाओं को स्थानीय स्तर पर आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध कराने में योगदान दे। युवा अपने ज्ञान, नवाचार और उद्यमशीलता से गाँवों की समृद्धि के संवाहक बनें। हमारा लक्ष्य हो-युवा अपने गाँव में अवसर तलाशें, अपने प्रदेश में संभावनाएँ गढ़ें और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड के निर्माण से विकसित भारत के संकल्प को साकार करें।

    हिमालय एवं पर्यावरण संरक्षण सतत विकास की अनिवार्य शर्त है। हमारी नदियाँ, वन, जलस्रोत, जैव विविधता और प्राकृतिक संपदा अमूल्य धरोहर हैं। जलवायु परिवर्तन एवं प्राकृतिक आपदाओं की बढ़ती चुनौतियों के बीच इनका संरक्षण हम सभी का सामूहिक दायित्व है। मेरा युवाओं से आह्वान है कि वे जल संरक्षण, स्वच्छता, वृक्षारोपण और प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को अपने जीवन का हिस्सा बनाएँ।

    हमारी भारतीय संस्कृति सामाजिक समरसता, सामूहिकता और एकात्मता का संदेश देती है। ऋग्वेद का प्रेरक मंत्र है-

    “संगच्छध्वं संवदध्वं सं वो मनांसि जानताम्।”

    अर्थात् हम सब साथ चलें, मिलकर संवाद करें और हमारे मनों में एकता का भाव हो। यह मंत्र हमें जाति, भाषा, क्षेत्र और संकीर्ण भेदभाव से ऊपर उठकर समाज में समरसता, सहयोग और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने की प्रेरणा देता है। हमें इसी भावना को अपने जीवन और आचरण में अपनाना चाहिए।

    किसी भी राष्ट्र की प्रगति में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त महिला परिवार की शक्ति, समाज की प्रेरणा और राष्ट्र की प्रगति की आधारशिला है। हमें बालिकाओं की शिक्षा, महिलाओं के कौशल विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को निरंतर प्रोत्साहित करना चाहिए।

    अंत में, मैं उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों से कहना चाहता हूँ कि सफलता मिलने पर विनम्र रहें और चुनौतियों के सामने कभी हार न मानें। अपने माता-पिता एवं गुरुजनों के प्रति सदैव कृतज्ञ रहें। आप जहाँ भी रहें, अपने ज्ञान, कौशल और कर्म से समाज का उत्थान करें तथा राष्ट्र का गौरव बढ़ाएँ।

    मेरा विश्वास है कि आपकी यह उपाधि केवल व्यक्तिगत उपलब्धि बनकर न रहे, बल्कि समाज और राष्ट्र की उन्नति का माध्यम बने। ज्ञान को कर्म से, सामर्थ्य को सेवा से और व्यक्तिगत सफलता को राष्ट्रहित से जोड़ें। यही आपकी शिक्षा की सार्थकता और विकसित भारत-2047 के संकल्प के प्रति आपका सच्चा योगदान होगा।

    मैं उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय परिवार को इस आयोजन के सफल संचालन और शिक्षा के क्षेत्र में उनके सतत प्रयासों के लिए बधाई देता हूँ। सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ।

    आप सभी का जीवन ज्ञान, सेवा, सदाचार और सफलता से आलोकित हो-इसी मंगलकामना के साथ आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ!

    जय हिन्द! वन्दे मातरम्! भारत माता की जय!