Close

    13-11-2026 : लोक भवन, उत्तराखण्ड में विभिन्न विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में माननीय राज्यपाल, उत्तराखण्ड का उद्बोधन

    प्रकाशित तिथि : नवम्बर 13, 2026

    सचिव, रविनाथ रामन जी, गोविन्द बल्लभ पन्त कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप जी, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतिगण, प्राध्यापकगण, शिक्षाविद् तथा मेरे प्रिय युवा साथियों!

    आज इस ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में आप सभी युवाओं के विचारों और प्रश्नों को सुनकर मुझे अत्यन्त हर्ष और संतोष की अनुभूति हुई। आपकी जिज्ञासाओं में ज्ञान की ललक, भविष्य के प्रति आशाएँ तथा समाज और राष्ट्र के लिए कुछ कर गुजरने का दृढ़ संकल्प स्पष्ट दिखाई देता है। यही हमारी अमृत पीढ़ी की सबसे बड़ी शक्ति है।

    मेरे युवा साथियों,

    किसी राष्ट्र का वास्तविक सामर्थ्य उसकी युवा पीढ़ी के विचारों, चरित्र, संकल्प और पुरुषार्थ से निर्धारित होता है। भारत की युवा शक्ति हमारी सबसे बड़ी सामर्थ्य है और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का सबसे बड़ा आधार भी।

    मैं आपसे पूछना चाहता हूँ- आपके लिए भारत का अर्थ क्या है? क्या भारत केवल हमारी जन्मभूमि है, अथवा हमारी अस्मिता, संस्कृति, चेतना और सामूहिक उत्तरदायित्व का प्रतीक भी है?

    वास्तव में, युवा होने का अर्थ केवल आयु से नहीं, बल्कि विचारों में नवीनता, दृष्टि में व्यापकता, संकल्प में दृढ़ता और कर्म में गतिशीलता से है।

    युवा वह है, जो चुनौतियों से घबराता नहीं, परिस्थितियों के सामने झुकता नहीं और अपने पुरुषार्थ से असम्भव को सम्भव बनाने का साहस रखता है।

    यही साहस और सामर्थ्य जब राष्ट्र के प्रति समर्पित होता है, तब उसका स्वरूप राष्ट्रशक्ति के रूप में प्रकट होता है। हमारी राष्ट्रीय चेतना का मूल मंत्र है-राष्ट्र प्रथम!

    राष्ट्र प्रथम का अर्थ अपने परिवार और व्यक्तिगत दायित्वों की उपेक्षा करना नहीं, बल्कि अपने प्रत्येक प्रयास और उपलब्धि को राष्ट्रहित से जोड़ना है। विद्यार्थी का निष्ठापूर्वक अध्ययन, वैज्ञानिक का अनुसंधान, सैनिक द्वारा सीमाओं की रक्षा करना, चिकित्सक की सेवा और उद्यमी का रोजगार-सृजन- ये सभी राष्ट्रसेवा के ही स्वरूप हैं।

    स्मरण रखिए, राष्ट्र की प्रगति केवल सरकारों के प्रयासों से नहीं, बल्कि नागरिकों के चरित्र, कर्तव्यनिष्ठा और सामूहिक पुरुषार्थ से सुनिश्चित होती है। इसीलिए राष्ट्रनिर्माण की पहली शर्त है-चरित्रवान, संस्कारवान और कर्तव्यनिष्ठ युवा।

    ज्ञान, कौशल और तकनीकी दक्षता के साथ चरित्र एवं संस्कार भी उतने ही आवश्यक हैं। हमारी भारतीय ज्ञान परम्परा का उद्घोष है-

    “सत्यं वद। धर्मं चर। स्वाध्यायान्मा प्रमदः।”

    अर्थात् सत्य बोलो, धर्म का आचरण करो और स्वाध्याय में लापरवाही मत करो। सत्यनिष्ठा, अनुशासन, परिश्रम, विनम्रता, संवेदनशीलता और आत्मसंयम ऐसे गुण हैं, जो व्यक्ति को वास्तविक अर्थों में श्रेष्ठ बनाते हैं।

    प्रतिभा आपको सफलता के शिखर तक पहुँचा सकती है, लेकिन चरित्र ही उस शिखर पर आपकी प्रतिष्ठा बनाए रखता है। इसलिए आपकी पहचान केवल उपाधियों से नहीं, बल्कि आपके विचारों, व्यवहार और आचरण से होनी चाहिए।

    चरित्रवान युवा वही है, जो अपने अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से पालन करे। हमारे संविधान ने हमें मौलिक अधिकार दिए हैं, तो राष्ट्र के प्रति मौलिक कर्तव्यों का बोध भी कराया है।

    विश्व की घटनाओं और अपने पड़ोसी देशों के घटनाक्रमों के प्रति भी हमें सजग रहना आवश्यक है। विभिन्न देशों में युवाओं द्वारा व्यक्त की जा रही आकांक्षाएँ यह दर्शाती हैं कि युवा शक्ति सामाजिक और राष्ट्रीय परिवर्तन में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। आवश्यकता इस बात की है कि इस शक्ति का उपयोग विवेक, लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक मर्यादाओं और रचनात्मकता के साथ हो।

    इसी नागरिक उत्तरदायित्व का एक महत्त्वपूर्ण पक्ष है- सार्वजनिक संपत्ति के प्रति सम्मान और उसके संरक्षण का भाव। विश्वविद्यालय, पुस्तकालय, सड़कें, उद्यान और अन्य सार्वजनिक सुविधाएँ हमारी सामूहिक धरोहर हैं। इनकी रक्षा करना हम सभी का दायित्व है। इसी प्रकार स्वच्छता को किसी अभियान तक सीमित न रखकर अपनी दैनिक जीवनशैली का संस्कार बनाना चाहिए।

    देशभक्ति केवल नारों में नहीं, बल्कि सार्वजनिक सम्पत्ति की रक्षा, स्वच्छता, नियमों के पालन और अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठा में भी प्रकट होती है।

    मेरे युवा साथियों,

    एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए युवाओं का स्वस्थ, संयमित और ऊर्जावान होना आवश्यक है। अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को नशे से दूर रखिए तथा अपनी जीवनशक्ति को सकारात्मक कार्यों में लगाइए। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य और विवेक को नष्ट करने के साथ-साथ उसके परिवार तथा भविष्य को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है। योग, खेल, व्यायाम, ध्यान, साहित्य और सकारात्मक संगति को जीवन का हिस्सा बनाइए। आपका शरीर और प्रतिभा राष्ट्र की अमानत हैं।

    भारत की पहचान उसकी प्राचीन ज्ञान-परम्परा, सांस्कृतिक वैभव और आध्यात्मिक चेतना में निहित है। वेदों और उपनिषदों की ज्ञान-दृष्टि, रामायण और महाभारत के जीवनमूल्य, भगवान श्रीराम की मर्यादा, भगवान श्रीकृष्ण का कर्मयोग तथा भगवान बुद्ध का करुणा-संदेश हमारी अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर हैं।

    आधुनिक बनिए, विश्व का ज्ञान अर्जित कीजिए, लेकिन अपनी जड़ों से जुड़े रहिए। अपनी संस्कृति पर गर्व कीजिए और अपनी विरासत के श्रेष्ठ जीवनमूल्यों को आचरण में उतारिए।

    मेरे युवा साथियों,

    इन्हीं संस्कारों और जीवनमूल्यों के साथ हमें शिक्षा, कौशल और रोजगार के प्रति अपनी सोच को भी व्यापक बनाना होगा। शिक्षा का उद्देश्य केवल उपाधि प्राप्त करना और नौकरी हासिल करना नहीं होना चाहिए। हमें ऐसे युवा चाहिए, जो रोजगार पाने के साथ-साथ रोजगार देने वाले, नवाचार करने वाले और समस्याओं का समाधान खोजने वाले बनें।

    उत्तराखण्ड में पर्यटन, कृषि, औषधीय वनस्पतियों, आयुष, जैविक उत्पादों, हस्तशिल्प और ग्रामीण उद्यमिता की अपार सम्भावनाएँ हैं। पर्वतीय क्षेत्रों की चुनौतियों को अपने अनुसंधान और नवाचार का आधार बनाइए। ऐसे नवाचारी समाधान विकसित कीजिए, जिनसे पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रुके, स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर बढ़ें और हमारे गाँव आत्मनिर्भरता एवं समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ें।

    आज इसके लिए आधुनिक विज्ञान और प्रौद्योगिकी की समझ भी आवश्यक है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिकी, अंतरिक्ष विज्ञान, जैव-प्रौद्योगिकी और डिजिटल नवाचार विश्व की कार्यप्रणाली को बदल रहे हैं। अंतरिक्ष अनुसंधान से लेकर डिजिटल भुगतान, रक्षा उत्पादन, चिकित्सा और हरित ऊर्जा तक भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है। चन्द्रयान-3, आदित्य-एल1 और गगनयान जैसे अभियान हमारे वैज्ञानिक सामर्थ्य, आत्मविश्वास और नवाचार की क्षमता के प्रतीक हैं।

    इन उपलब्धियों के केवल दर्शक मत बनिए, इनके सृजनकर्ता और नेतृत्वकर्ता बनिए। तकनीक आपकी क्षमता बढ़ाए, लेकिन आपके विवेक, मौलिक चिंतन और मानवीय संवेदनाओं का स्थान कभी न ले।

    इस दिशा में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में युवाओं के लिए अवसरों का निरन्तर विस्तार किया जा रहा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, कौशल भारत, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, खेलो इंडिया और मेरा युवा भारत जैसे प्रयास शिक्षा, कौशल, नवाचार, उद्यमिता और नेतृत्व के नए द्वार खोल रहे हैं।

    इन पहलों का उद्देश्य युवाओं को केवल अवसर उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें कौशलवान, आत्मनिर्भर, नवाचारी और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भागीदार बनाना भी है। इन अवसरों का लाभ उठाकर अपनी प्रतिभा को राष्ट्र की प्रगति से जोड़िए।

    मेरे युवा साथियों,

    हमारे सामने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का महान संकल्प है। जब भारत की स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूर्ण होंगे, तब आज के विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत आपमें से अनेक युवा देश के वैज्ञानिक, चिकित्सक, शिक्षाविद्, प्रशासक, उद्यमी और नीति-निर्माता के रूप में राष्ट्र के विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहे होंगे।

    विकसित भारत/2047 केवल एक राष्ट्रीय लक्ष्य नहीं, बल्कि आज की अमृत पीढ़ी के पुरुषार्थ, प्रतिभा और संकल्प का ऐतिहासिक दायित्व है। इस संकल्प की सिद्धि में हमारे युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी।

    मैं आप सभी से आह्वान करता हूँ- जीवन में बड़े सपने देखिए, अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखिए और उन्हें साकार करने के लिए पूरे मनोयोग से परिश्रम कीजिए। असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीखिए और प्रतिदिन स्वयं को बेहतर बनाइए।

    मेरे युवा साथियों,

    आप केवल इतिहास पढ़ने वाली पीढ़ी नहीं हैं, आप भारत का नया इतिहास रचने वाली पीढ़ी हैं। भारत को आपकी प्रतिभा, आपका परिश्रम, आपका चरित्र और आपका दृढ़ संकल्प चाहिए। अपने भीतर यह विश्वास जगाइए कि आप अपने पुरुषार्थ से देश की दिशा बदल सकते हैं।

    आइए, हम ऐसा भारत बनाएँ, जो ज्ञान-विज्ञान में अग्रणी, आर्थिक दृष्टि से समृद्ध, सांस्कृतिक रूप से गौरवशाली और मानवीय मूल्यों में विश्व का मार्गदर्शक हो। उठिए, जागिए, संकल्प लीजिए और अपने ज्ञान, कर्म एवं चरित्र से विकसित भारत के निर्माण में जुट जाइए।

    आपकी सफलता उत्तराखण्ड की सफलता बने, आपके स्वप्नों में भारत का भविष्य दिखाई दे, आपकी उपलब्धियों में भारत का गौरव झलके और आपके प्रत्येक कर्म में राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव प्रतिबिंबित हो।

    इसी मंगलकामना, आशा और विश्वास के साथ मैं अपनी वाणी को विराम देता हूँ।

    जय हिन्द! जय उत्तराखण्ड!