Close

    30-10-2026:“युवा संगम” के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम के अवसर पर माननीय राज्यपाल, उत्तराखण्ड का उद्बोधन

    प्रकाशित तिथि : अक्टूबर 30, 2026

    माँ गंगा और माँ यमुना की उद्गमस्थली तथा हिमालय की गोद में बसे देवभूमि उत्तराखण्ड में पश्चिम बंगाल से आए विद्यार्थी-प्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं अधिकारियों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनन्दन है।

    प्रिय युवा साथियों,

    आज लोक भवन में आप सभी के बीच उपस्थित होकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। आप पश्चिम बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक परम्पराओं और ज्ञान-विरासत का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्तराखण्ड आए हैं। आपके आगमन से हमारे दोनों राज्यों के बीच आत्मीयता का एक नया सेतु बना है।

    मुझे विश्वास है कि उत्तराखण्ड की यह यात्रा आपके मन में मधुर स्मृतियाँ अंकित करने के साथ-साथ भारत की सांस्कृतिक विविधता को समझने और राष्ट्रीय एकात्मता के भाव को सुदृढ़ करने में सहायक होगी।

    युवा संगम केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि भारत को जानने, समझने और अनुभव करने का अवसर है। यह हमें सिखाता है कि हमारी भाषाएँ अलग हो सकती हैं, हमारी वेशभूषा और परम्पराएँ अलग हो सकती हैं, लेकिन हमारी राष्ट्रीय चेतना एक है। हम सब भारत माता की सन्तान हैं और भारत का गौरव बढ़ाना हम सभी का साझा दायित्व है।

    माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की प्रेरणा से संचालित ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना इसी विचार को सशक्त करती है। जब एक प्रदेश के विद्यार्थी दूसरे प्रदेश में जाकर वहाँ के लोगों से मिलते हैं और उनकी भाषा, खान-पान, कला तथा संस्कृति को समझते हैं, तब पुस्तकों में पढ़ा भारत उनके प्रत्यक्ष अनुभव का हिस्सा बन जाता है। यही अनुभव राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करता है।

    प्रिय विद्यार्थियों,

    उत्तराखण्ड और पश्चिम बंगाल, दोनों की अपनी विशिष्ट पहचान है। एक ओर हमारे उत्तराखण्ड में हिमालय की विशाल पर्वत श्रृंखलाएँ, बदरीनाथ और केदारनाथ की पावन भूमि, गंगा-यमुना की निर्मल धाराएँ तथा लोकगीतों और लोकनृत्यों की समृद्ध परम्परा है। दूसरी ओर पश्चिम बंगाल साहित्य, कला, संगीत, ज्ञान और सांस्कृतिक चेतना की अनुपम धरोहर वाला प्रदेश है। सुंदरबन की प्राकृतिक सम्पदा और गंगासागर की धार्मिक महत्ता उसकी विशिष्ट पहचान हैं।

    बंगाल की गौरवशाली धरती ने स्वामी विवेकानन्द, गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर, नेताजी सुभाषचन्द्र बोस और महर्षि अरविन्द जैसी महान विभूतियों को जन्म दिया, जिन्होंने भारत की आध्यात्मिक चेतना, साहित्य, स्वतंत्रता-संग्राम और राष्ट्रीय जीवन को समृद्ध किया।

    स्वामी विवेकानन्द का हिमालय और उत्तराखण्ड से गहरा आध्यात्मिक जुड़ाव रहा। उनका जीवन हमें आत्मविश्वास, सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। नेताजी का अदम्य साहस और देश की स्वतंत्रता के लिए उनका त्याग हमें सिखाता है कि बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए दृढ़ संकल्प और साहस आवश्यक हैं। गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर की साहित्य-साधना हमें संवेदनशीलता, मानवीयता और प्रकृति के प्रति प्रेम का संदेश देती है।

    इन महान विभूतियों के जीवन से हमें एक महत्त्वपूर्ण सीख मिलती है-अपनी जड़ों से जुड़े रहें, ज्ञान की नई ऊँचाइयाँ छूएं और अपने जीवन को देश तथा समाज के लिए उपयोगी बनाएं।

    मेरे युवा साथियों,

    आप देश का भविष्य ही नहीं, वर्तमान की एक बड़ी शक्ति भी हैं। आज विज्ञान, प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अनुसंधान और उद्यमिता के क्षेत्र में युवाओं के लिए अपार अवसर हैं। लेकिन सफलता का अर्थ केवल अच्छी नौकरी प्राप्त करना या व्यक्तिगत उपलब्धियाँ हासिल करना नहीं है। सच्ची सफलता तब है, जब हमारे ज्ञान और कौशल से समाज को लाभ पहुँचे और देश की समस्याओं के समाधान निकलें।

    आप जहाँ भी रहें, ईमानदारी, अनुशासन, परिश्रम और संवेदनशीलता को अपने जीवन का आधार बनाइए। प्रश्न पूछिए, नए विचार विकसित कीजिए, असफलताओं से सीखिए और अपने सपनों को साकार करने के लिए निरन्तर प्रयास करते रहिए। अपने ज्ञान का उपयोग गाँवों, किसानों, पर्यावरण और समाज के वंचित वर्गों से जुड़ी समस्याओं के समाधान में भी कीजिए।

    युवा साथियों,

    हमारे सामने विकसित भारत के निर्माण का महत्वपूर्ण लक्ष्य है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में आप सभी की भूमिका निर्णायक होगी। आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत का निर्माण तभी सम्भव है, जब हमारे युवा ज्ञानवान होने के साथ-साथ चरित्रवान, कर्तव्यनिष्ठ और राष्ट्र के प्रति समर्पित भी हों।

    अपनी इस यात्रा में आपने उत्तराखण्ड की मनमोहक प्रकृति, पावन नदियों, ऐतिहासिक धरोहरों और समृद्ध जैव-विविधता को निकट से अनुभव किया होगा। हिमालय हमारी नदियों, वनों और असंख्य जीवों का जीवन आधार है। हम सब मिलकर हिमालय की इस अमूल्य प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रखने का संकल्प लें। जल की प्रत्येक बूँद बचाना, अधिकाधिक वृक्ष लगाना और सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग से बचना जैसे छोटे प्रयास भी मिलकर हमारी धरती के भविष्य को सुरक्षित बना सकते हैं।

    मेरे प्रिय विद्यार्थियों,

    इस आयोजन को सफल बनाने में हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान खड़गपुर के समन्वयकों, शिक्षकों, अधिकारियों और आयोजन दल ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मैं सभी को इस सराहनीय प्रयास के लिए बधाई देता हूँ।

    प्रिय विद्यार्थियों,

    आप सभी अपने प्रदेश के सांस्कृतिक प्रतिनिधि हैं। उत्तराखण्ड से लौटते समय यहाँ की आत्मीयता, यहाँ के लोगों का स्नेह और इस यात्रा से मिली सीख अपने साथ लेकर जाइए। पश्चिम बंगाल में अपने मित्रों और परिवारों के साथ उत्तराखण्ड के अनुभव साझा कीजिए। आपसी संवाद और मैत्री के ये सम्बन्ध भविष्य में भी बने रहें, यही इस युवा संगम की वास्तविक सफलता होगी।

    अन्त में, मैं आप सभी से यही कहना चाहूँगा-अपने सपने बड़े रखिए, अपने विचार उदार रखिए और अपने संकल्प दृढ़ रखिए। भारत की विविधता का सम्मान कीजिए, एक-दूसरे से सीखिए और राष्ट्रहित को सदैव सर्वाेपरि रखिए।

    अंत में, आप सभी के उज्ज्वल भविष्य, सफलता और सुखद यात्रा के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएँ।

    जय उत्तराखण्ड! जय बंगाल! वन्दे मातरम्!