Close

    24-12-2025 : लोक भवन में क्रिसमस की पूर्व संध्या (क्रिसमस ईव) कार्यक्रम हुआ आयोजित

    प्रकाशित तिथि : दिसम्बर 24, 2025

    लोक भवन में बुधवार को क्रिसमस की पूर्व संध्या (क्रिसमस ईव) के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें देहरादून के विभिन्न चर्चों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए सभी को क्रिसमस पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम की शुरुआत क्रिसमस कैरोल के मधुर गायन से हुई और उसके उपरांत क्रिसमस केक काटा गया। चर्च प्रतिनिधियों द्वारा भावपूर्ण गीतों और कैरोल की प्रस्तुति दी गई।

    इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि क्रिसमस प्रेम, करुणा और सेवा का पर्व है, जो मानवता को आपसी सद्भाव, भाईचारे और एकता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें दूसरों की निस्वार्थ सेवा करने की प्रेरणा देता है। राज्यपाल ने देहरादून के सभी चर्चों के प्रतिनिधियों के एक साथ आकर इस उत्सव को मनाने की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकता और सौहार्द का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

    राज्यपाल ने कहा कि क्रिसमस जैसे पर्व सभी धर्मों और समुदायों के बीच समन्वय एवं सौहार्द को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत की आत्मा उसकी विविधता में निहित है और यही विविधता हमें एक सूत्र में बाँधती है। प्रभु ईसा मसीह द्वारा दिए गए जीवन-मूल्य हमें कुरीतियों से दूर रहकर सत्य, सदाचार और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।

    अंत में राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को क्रिसमस एवं आगामी नववर्ष की शुभकामनाएँ देते हुए कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं सकारात्मक ऊर्जा लेकर आए।

    कार्यक्रम में प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर, कर्नल एस. वॉशिंगटन, बॉबी कैश, निर्मल जैकब, रजनी वॉशिंगटन सहित ईसाई समाज के अनेक गणमान्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।