Close

    22-07-2022:राज्यपाल से उत्तराखण्ड पूर्व सैनिक लीग के प्रतिनिधिमण्डल ने मुलाकात की।

    प्रकाशित तिथि: जुलाई 22, 2022

    राजभवन देहरादून 22 जुलाई, 2022

    राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से उत्तराखण्ड पूर्व सैनिक लीग के प्रतिनिधिमण्डल ने राजभवन में मुलाकात की। इस दौरान पूर्व सैनिकों को दी जाने वाली सुविधाओं ईसीएचएस, सीएसडी और पेंशन आदि से सम्बन्धित विभिन्न मुद्दों पर वार्ता की गयी।
    राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड सैनिक बहुल्य प्रदेश है यहां लगभग प्रत्येक घर से लोग देश की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सैनिक व उनके आश्रितों की मदद करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों की भी विभिन्न समस्याएं होती हैं उनका भी समाधान किया जाना बेहद जरूरी है। राज्यपाल ने कहा कि पूर्व सैनिकों को मिलने वाली सुविधाएं उन्हें सुगम और समय से मुहैया हो इसके लिए जनपदों में स्थित सैनिक कल्याण विभाग के सहयोग से लीग को कार्य करना चाहिए।
    राज्यपाल ने पदाधिकारियों से कहा कि पूर्व सैनिकों को सामाजिक दायित्वों में भी अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने कहा कि पलायन की रोकथाम के लिए होमस्टे और गांवों में ऑर्गेनिक कृषि को बढ़ावा दिये जाने जैसे महत्वपूर्ण प्रयासों में पूर्व सैनिक अपनी भूमिका निभाएं। पूर्व सैनिक लीग के पदाधिकारियों ने राज्यपाल को विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। राज्यपाल ने पदाधिकारियों को हर सम्भव सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान उत्तराखण्ड पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष मेजर जनरल(रिटा0) एम. एल असवाल, कर्नल(रिटा0) शशि पोखरियाल, मैनी असवाल आदि उपस्थित रहे।

    ………..0………..