Close

    23-06-2024 : राज्यपाल ने बनबसा भ्रमण के दौरान एसएसबी कैम्प एवं सेना परिसर में अधिकारियों एवं जवानों के साथ भेंट कर वार्ता की।

    प्रकाशित तिथि: जून 23, 2024

    राजभवन नैनीताल/बनबसा, चंपावत 23 जून, 2024

    राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने रविवार को जनपद बनबसा भ्रमण के दौरान एसएसबी कैम्प एवं सेना परिसर में अधिकारियों एवं जवानों के साथ भेंट कर वार्ता की। इस अवसर पर राज्यपाल ने भारत-नेपाल सीमा पर स्थित एसएसबी के मैत्री गेट में भूतपूर्व सैनिकों से भेंट कर उनका कुशल क्षेम जाना। गौरतलब है कि राज्यपाल ने वर्ष 1996 से 99 के बीच सेना परिसर बनबसा में सीओ के रूप में सेवाएं दी थी।

    एसएसबी कैंप में जवानों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि सीमा क्षेत्र में एक अलग चुनौती है, उन्हें हमेशा अलर्ट रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में हमारे जवान हमेशा ही निस्वार्थ भाव से अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया जाता है। इस अवसर पर राज्यपाल ने एसएसबी कैम्प परिसर में पौधारोपण भी किया।

    एसएसबी कैम्प परिसर एवं मैत्री गेट भ्रमण करने के उपरान्त राज्यपाल ने बनबसा स्थित 26 राजपूत पल्टन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। राज्यपाल ने कहा कि बनबसा के साथ उनका बहुत गहरा नाता रहा है और यहां व्यतीत किया गया समय उनके मानस पटल पर अभी तक अंकित है। उन्होंने कहा कि पल्टन को कमांड करते हुए उन्हें प्राप्त हुए अनुभव जीवन भर उनके साथ रहे। राज्यपाल ने कहा कि वह ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उन्हें वह अगले जन्म में भी एक फौजी ही बनाएं, ताकि की वह राष्ट्र की रक्षा व सेवा कर सके। उन्होंने कहा कि 26 राजपूत पल्टन के सभी अधिकारी और जवान खुशकिस्मत हैं कि उन्हें देवभूमि उत्तराखंड के बनबसा में प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है और यहां से प्राप्त अनुभव उन्हें जीवन भर मार्गदर्शन देते रहेंगे।
    …………0…………